Page Loader
शानदार फीचर्स के साथ भारत में लॉन्च हुई कावासाकी की नई वर्सेस 1000 और Z650

शानदार फीचर्स के साथ भारत में लॉन्च हुई कावासाकी की नई वर्सेस 1000 और Z650

Jan 07, 2021
10:26 am

क्या है खबर?

जापानी वाहन निर्माता कंपनी कावासाकी ने भारतीय ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए भारत में 2021 वर्सेस 1000 और Z650 को लॉन्च कर दिया है। 2021 वर्सेस 1000 को केवल एंडी लाइम ग्रीन मेटैलिक स्पार्क ब्लैक कलर में लॉन्च किया गया है। वहीं, Z650 को फ्लोरोसेंट ग्रीन फिनिश के साथ मेटालिक स्पार्क ब्लैक कलर में लॉन्च किया गया है। आइये इनके फीचर्स और कीमत के बारे में नीचे से विस्तार में जानें।

जानकारी

बाइक्स में दी गई LED लाइट्स

2021 कावासाकी वर्सेस 1000 में मस्क्यूलर फ्यूल टैंक, एक स्टेप अप सीट, पीछे की ओर सामान रखने के लिए एक बॉक्स और फुल ऑटोमैटिक विंडस्क्रीन दी गई है। साथ ही बाइक सेमी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल और LED लाइटिंग से लैस है। वहीं, 2021 कावासाकी Z650 में स्पिल्ट स्टाइल सीट और मस्कुलर फ्यूल टैंक दिया गया है। साथ ही इसमें लाइटिंग के लिए LED लाइट्स और राइडोलॉजी ऐप को सपोर्ट करने वाली 4.3 इंच का TFT डिस्प्ले दी गई है।

वजन

कितना है दोनों बाइक्स का वजन?

अभी लॉन्च हुई कावासाकी के वर्सेस 1000 में एलॉय व्हील्स दिए गए हैं। जानकारी के लिए बता दें कि इसका वजन 255 किग्रा है। साथ ही इसके ईंधन टैंक की कैपेसिटी 21 लीटर है। वहीं, नई Z650 बाइक की बात करें तो इसमें भी एलॉय व्हील दिए गए हैं। इसके साथ ही इस बाइक का वजन 191 किलोग्राम है और इसके ईंधन टैंक में 21 लीटर ईंधन आ सकता है।

इंजन

दोनों बाइक्स में दिए गए दमदार इंजन

इंजन की बात करें तो नई वर्सेस 1000 में BS मानकों को पूरा करने वाला 1,043cc का इंजन दिया गया है, जो 118.2bhp की अधिकतम पावर और 102nm का अधिकतम टॉर्क देगा। इंजन छह स्पीड गियरबॉक्स से लैस है। वहीं नई Z650 में 649cc का लिक्विड कूल्ड इंजन लगाया गया है, जो छह स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आया है। यह 8,000rpm पर 67.3bhp की अधिकतम पावर और 6,700rpm पर 64nm का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है।

सेफ्टी फीचर्स

सुरक्षा के लिए दिए गए कई फीचर्स

राइडर की सुरक्षा का भी कंपनी ने पूरा ध्यान रखा है। वर्सेस 1000 के फ्रंट और रियर दोनों पहियों पर क्रूज कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ डिस्क ब्रेक दिया गया है। यह दो पावर मोड और तीन राइडिंग मोड के साथ लॉन्च का गई है। नई Z650 की बात करें तो इसमें डुअल चैनल एंटी ब्रेक सिस्टम (ABS) के साथ आगे और पीछे के पहियों पर डिस्क ब्रेक दिया गया है।

जानकारी

क्या है कीमत?

कावासाकी ने 2021 वर्सेस 1000 को भारतीय बाजार में 11.19 लाख रुपये में लॉन्च किया है। वहीं, नई Z650 को भारत में 6.4 लाख रुपये में लॉन्च किया गया है। ये दोनों कीमतें एक्स शोरुम हैं।