Page Loader
अमेरिका: डोनाल्ड ट्रंप के शपथ लेते ही अवैध अप्रवासियों पर कार्रवाई तेज, 538 गिरफ्तार
अमेरिका में 538 अवैध अप्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है

अमेरिका: डोनाल्ड ट्रंप के शपथ लेते ही अवैध अप्रवासियों पर कार्रवाई तेज, 538 गिरफ्तार

लेखन आबिद खान
Jan 24, 2025
03:51 pm

क्या है खबर?

डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका का राष्ट्रपति बनते ही अधिकारियों ने अवैध प्रवासियों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। ट्रंप के शपथ लेने के 3 दिन के भीतर ही 538 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार और सैकड़ों को देश से निकाल दिया गया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिका के अधिकारियों ने 538 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया है और इतिहास का सबसे बड़ा निर्वासन अभियान अच्छी तरह से चल रहा है।

गिरफ्तारी

किन-किन लोगों को किया गया गिरफ्तार?

लेविट ने एक पोस्ट में कहा, 'ट्रंप प्रशासन ने 538 अवैध अप्रवासी अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक संदिग्ध आतंकवादी, ट्रेन डी अरागुआ गिरोह के 4 सदस्य और नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराधों के दोषी कई अपराधी शामिल हैं। ट्रंप प्रशासन ने सैकड़ों अवैध अप्रवासी अपराधियों को सैन्य विमानों के जरिए निर्वासित भी किया है। इतिहास का सबसे बड़ा निर्वासन अभियान अच्छी तरह से चल रहा है। हमने वादे किए और उन्हें पूरा किया।'

अपराधी

गिरफ्तार किए गए लोगों में अधिकतर अपराधी

व्हाइट हाउस ने अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) द्वारा गिरफ्तार किए गए कुछ लोगों के नाम और उनके द्वारा किए गए अपराधों की भी सूची दी है। गिरफ्तार किए गए अप्रवासियों में ज्यादातर अपराधी हैं। इन पर बलात्कार, बच्चों के साथ यौन व्यवहार और 14 वर्ष या उससे कम आयु के बच्चों का यौन शोषण करने के आरोप हैं। बांग्लादेश के भी 4 लोग हिरासत में लिए गए हैं।

पहले दिन गिरफ्तारी

ट्रंप के पदभार संभालने के पहले दिन 308 गिरफ्तार

ट्रंप के राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के पहले दिन (21 जनवरी) ICE ने 308 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया था। सीमा सुरक्षा अधिकारी टॉम होमन ने इसकी जानकारी दी थी। होमन ने कहा, "अधिकारियों ने उन अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया है, जो देश के लिए खतरा पैदा करते हैं। इनकी आबादी 7 लाख से ज्यादा है।" फिलहाल कई राज्यों में छापे मार कर अप्रवासियों से पूछताछ की जा रही है।

आदेश

ट्रंप ने अप्रवासियों से जुड़ा कार्यकारी आदेश जारी किया था

शपथ लेने के बाद ट्रंप ने कई कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें से एक अवैध प्रवासियों से भी संबंधित था। इसमें कहा गया था, "लाखों अवैध विदेशी हमारी सीमाओं में आए। उन्हें सीधे अमेरिका में आने और अमेरिकी समुदायों में बसने की अनुमति दी गई, जो संघीय कानूनों का उल्लंघन है। इनमें से कई राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं और निर्दोष अमेरिकियों के विरुद्ध घृणित और जघन्य कृत्य करते हैं।"