Page Loader
पाकिस्तान बना रहा अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल, अमेरिका तक होगी पहुंच- रिपोर्ट  
पाकिस्तान ICBM के विकास पर काम कर रहा है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

पाकिस्तान बना रहा अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल, अमेरिका तक होगी पहुंच- रिपोर्ट  

लेखन आबिद खान
Jun 25, 2025
02:01 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान गुप्त रूप से लंबी दूरी की परमाणु संचालित अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) बनाने पर काम कर रहा है। कथित तौर पर इसकी पहुंच अमेरिका तक होगी। वाशिंगटन की खुफिया एजेंसियों ने ये जानकारी दी है। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर पाकिस्तान ऐसी मिसाइल हासिल कर लेता है, तो अमेरिका उसे परमाणु विरोधी देश घोषित कर सकता है।

रिपोर्ट

रिपोर्ट में क्या-क्या कहा गया है?

फॉरेन अफेयर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना एक परमाणु मिसाइल विकसित कर रही है, जिसकी पहुंच अमेरिका महाद्वीप तक हो सकती है। अमेरिकी खुफिया सूत्रों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका पाकिस्तान की बढ़ती परमाणु क्षमताओं को लेकर चिंतित है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर पाकिस्तान ICBM हासिल कर लेता है तो वाशिंगटन के पास उस देश को परमाणु विरोधी मानने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।

उद्देश्य

पाकिस्तान क्यों बना रहा है ICBM?

रिपोर्ट में रूस और चीन के बीच बढ़ते परमाणु गठबंधन पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जो अमेरिका के लिए चिंता का विषय है। इसमें कहा गया है, "ICBM विकसित करने के पीछे पाकिस्तान की मंशा अमेरिका को किसी एहतियाती हमले की स्थिति में अपने परमाणु शस्त्रागार को नष्ट करने से रोकना है और दोनों पड़ोसी देशों के बीच फिर से टकराव होने पर भारत की ओर से हस्तक्षेप करने से रोकना है।"

FATF

पाकिस्तान के मिसाइल कार्यक्रम पर FATF ने भी किया था खुलासा

हाल ही में वैश्विक आतंकवाद और मनी लॉन्ड्रिंग पर नजर रखने वाली संस्था वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (FATF) ने कहा था कि पाकिस्तान बैलिस्टिक मिसाइल को विकसित करने में लगा हुआ है, जो अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का उल्लंघन है। FATF ने 2020 में भारतीय सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा जब्त किए गए एक शिपमेंट का हवाला भी दिया था। FATF ने कहा था कि ऐसी गतिविधियां वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा हैं और यह सामान मिसाइल बनाने में मदद कर सकता है।

प्लस

क्या होती है ICBM?

बैलिस्टिक मिसाइल किसी लक्ष्य पर हमला करने के लिए प्रक्षेप्य गति यानी ऊंची उड़ान पथ का इस्तेमाल करती हैं। ICBM 5,500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक परमाणु और पारंपरिक दोनों तरह के हथियार ले जाने में सक्षम होती हैं। वर्तमान में पाकिस्तान के पास कोई ICBM नहीं है। 2022 में पाकिस्तान ने सतह से सतह पर मार करने वाली मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल शाहीन-III का परीक्षण किया था, जिसकी रेंज 2,700 किलोमीटर से ज्यादा है।