ईरान युद्ध से बाहर निकलना चाहते हैं ट्रंप, होर्मुज जलडमरूमध्य को खुलवाना प्राथमिकता नहीं- रिपोर्ट
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सहयोगियों से कहा है कि वह ईरान युद्ध को खत्म करना चाहते हैं, भले ही होर्मुज जलडमरूमध्य खुले या बंद रहे। यह खुलासा अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने ट्रंप प्रशासन से जुड़े शीर्ष अधिकारियों के हवाले से किया है। अधिकारियों ने बताया कि रणनीतिक जलमार्ग को फिर से खोलने का कोई प्रयास जटिल होगा और इससे संघर्ष ट्रंप द्वारा सैन्य अभियान को समाप्त करने के तय समयसीमा से आगे बढ़ सकता है।
लक्ष्य
पहले ईरान के हथियार भंडार को खत्म करने पर जोर
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से नौवहन बहाल करने के लिए ईरान के खिलाफ 6 हफ्तों का अभियान चलाना होगा। ऐसे में ट्रंप ने फैसला किया है कि अभी वाशिंगटन को ईरानी नौसेना का दमन और मिसाइल भंडारों का विनाश करने जैसे मुख्य लक्ष्यों पर ध्यान देना चाहिए। इसके बाद शत्रुता को कम किया जाए और राजनयिक माध्यमों से नौवहन की बहाली की कोशिश की जाए।
विचार
असफल होने पर दूसरे कदम पर विचार
रिपोर्ट में बताया गया है कि अगर ट्रंप पहली योजना में असफल होते हैं तो अमेरिका होर्मुज को खोलने के प्रयासों का नेतृत्व करने के लिए यूरोप और फारस की खाड़ी के देशों पर दबाव डालेगा। वह उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) सहित सहयोगी देशों से इस मार्ग को फिर से खोलने में नेतृत्व करने का अनुरोध कर सकता है। जलडमरूमध्य को खोलने के लिए सैन्य योजनाओं का अध्ययन हो रहा है, लेकिन यह राष्ट्रपति की तात्कालिक प्राथमिकता नहीं है।
तैनाती
पहले सैन्य तैनाती अब युद्ध खत्म करने पर जोर?
ईरान युद्ध को जल्द समाप्त करने के लिए ट्रंप का ये बयान उस कदम के विपरीत है, जिसमें पश्चिमी एशिया में अमेरिकी सेना की भारी तैनाती की गई है। पिछले हफ्ते अमेरिका ने USS त्रिपोली, 2,500 से अधिक मरीन सैनिक और 10,000 जमीनी सैनिकों को ईरान भेजा है। वे यूरेनियम को जब्त करने के लिए मिशन पर विचार कर रहे हैं। अगर होर्मुज को खोलने पर काम किया गया तो यह युद्ध ट्रंप की समयसीमा से 6-7 हफ्ते आगे बढ़ेगा।