गैस प्लांट पर हमले से नाराज ट्रंप, बोले- इजरायल ईरानी गैस क्षेत्र पर हमला नहीं करेगा
क्या है खबर?
पश्चिमी एशिया में तनाव अब एक-दूसरे देश के ऊर्जा क्षेत्रों पर हमलों तक पहुंच गया है, जिसको लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुरी तरह नाराज हैं। उन्होंने कतर के तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) प्लांट पर ईरानी हमले के बाद इजरायल को ईरान के किसी भी गैस क्षेत्र पर हमला करने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब अगर ईरान ने दोबारा से किसी खाड़ी देश के ऊर्जा प्लांट को निशाना बनाया तो वे जबरदस्त ताकत से हमला करेंगे।
बयान
ईरान पर हुए इजरायली हमले का अमेरिका को पता नहीं था- ट्रंप
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'मध्य पूर्व में जो कुछ हुआ है, उससे नाराज होकर इजरायल ने ईरान में 'साउथ पार्स गैस फ़ील्ड' नाम की एक बड़ी जगह पर ज़ोरदार हमला किया है। इस पूरी जगह के एक छोटे से हिस्से पर हमला हुआ है। अमेरिका को इस खास हमले के बारे में कुछ पता नहीं था, और कतर का इसमें किसी भी तरह से कोई हाथ नहीं था। उसे अंदाजा भी नहीं था कि ऐसा होने वाला है।'
हमला
ईरान ने बेवजह कतर पर हमला किया- ट्रंप
ट्रंप ने आगे लिखा, 'बदकिस्मती से, ईरान को यह बात या साउथ पार्स हमले से जुड़ी कोई भी जरूरी जानकारी नहीं थी, और उसने बेवजह और गलत तरीके से क़तर की LNG गैस फ़ैसिलिटी के एक हिस्से पर हमला कर दिया। इस कीमती साउथ पार्स फ़ील्ड के मामले में इजरायल अब और कोई हमला नहीं करेगा, जब तक कि ईरान नासमझी में किसी बेकसूर देश, जैसे कतर पर हमला करने का फैसला न कर ले।'
हमला
अमेरिका ईरान को बर्बाद करना नहीं चाहता- ट्रंप
ट्रंप ने आगे लिखा कि अगर अब ईरान ने किसी ऊर्जा प्लांट पर हमला किया तो अमेरिका, इजरायल के बिना साउथ पार्स गैस फील्ड को जबरदस्त हमले से पूरी तरह से तबाह कर देगा। ट्रंप ने लिखा, 'मैं इतनी ज़्यादा हिंसा और तबाही की इजाज़त नहीं देना चाहता, क्योंकि इसका ईरान के भविष्य पर लंबे समय तक बुरा असर पड़ेगा, लेकिन अगर क़तर की LNG फ़ैसिलिटी पर फिर से हमला हुआ, तो मैं ऐसा करने में ज़रा भी नहीं हिचकिचाऊंगा।'
मामला
किस बात से बौखलाए ट्रंप?
इजरायल की वायुसेना ने बुधवार को ईरान के 'साउथ पार्स गैस फ़ील्ड' पर बड़ा हमला किया है, जो दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार है। ईरान और कतर साझा करते हैं। हमले के बाद ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) ने कतर पर 5 बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिससे दुनिया के सबसे बड़े LNG हब, कतर के रास लफान को भारी नुकसान पहुंचा है। हमले से वैश्विक गैस संकट उत्पन्न होने के खतरे को देखते हुए ट्रंप नाराज हैं।