LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप को रूस-अमेरिका के बीच व्यापार की जानकारी नहीं, बोले- जांच करेंगे
डोनाल्ड ट्रंप को रूस के साथ व्यापार की जानकारी नहीं

डोनाल्ड ट्रंप को रूस-अमेरिका के बीच व्यापार की जानकारी नहीं, बोले- जांच करेंगे

लेखन गजेंद्र
Aug 06, 2025
09:30 am

क्या है खबर?

भारत और रूस के बीच जारी तेल व्यापार से चिढ़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद एक पत्रकार के सवाल में उलझ गए, जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका रूस से यूरेनियम और उर्वरक व्यापार करता है? ट्रंप ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है और वह मामले की जांच कराएंगे। ट्रंप ने यह बयान व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया है, जो 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी।

बयान

भारत ने कही थी अमेरिका पर रूस के साथ व्यापार करने की बात

दरअसल, ट्रंप भारत पर लगातार रूस के साथ तेल और हथियार न खरीदने का दबाव बना रहे हैं, जिसके कारण उन्होंने 25 प्रतिशत टैरिफ और भारी जुर्माना लगाया है। इसके जवाब में भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका खुद रूस से यूरेनियम, उर्वरक और रसायनिक व्यापार करता है। इस संबंध में जब ट्रंप से जवाब पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा, "मैं इस विषय में कुछ भी नहीं जानता हूं। मुझे इसकी जांच करनी होगी।"

व्यापार

रूस से क्या-क्या खरीद रहा है अमेरिका?

अमेरिका रूस से परमाणु उद्योग से जुड़ी चीजें, कीमती धातुओं और कृषि उत्पादों समेत कई चीजों का आयात कर रहा है। बीते कुछ सालों में अमेरिका में रूसी आयात कम हुआ है, लेकिन 2024 में ये आंकड़ा लगभग 3 अरब डॉलर था। अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोग के अनुसार, 2024 में अमेरिका ने रूस से 1.1 अरब डॉलर के उर्वरक, 878 मिलियन डॉलर का पैलेडियम, 624 मिलियन डॉलर का यूरेनियम और 75 मिलियन डॉलर के विमान इंजन कलपुर्जे खरीदे।

ट्विटर पोस्ट

डोनाल्ड ट्रंप का जवाब

धमकी

ट्रंप की धमकी, 24 घंटे में बढ़ाएंगे भारत का टैरिफ

ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ और जुर्माना लगाने के बाद मंगलवार को एक बार फिर धमकी दी है कि वे 24 घंटे में भारत का टैरिफ और बढ़ा सकते हैं। उन्होंने CNBC से साक्षात्कार में कहा कि भारत के साथ अमेरिका का व्यापार बहुत कम है, लेकिन वे अब भी रूस से तेल खरीद रहे हैं, जो युद्ध मशीन को बढ़ावा दे रहे हैं, इसलिए टैरिफ 24 घंटे में काफी हद तक बढ़ाया जा सकता है।