Page Loader
#NewsBytesExplainer: एलन मस्क की नागरिकता छीन सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप? क्या कहता है कानून?
एलन मस्क को अमेरिका से निर्वासित करने की चर्चाएं होने लगी हैं

#NewsBytesExplainer: एलन मस्क की नागरिकता छीन सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप? क्या कहता है कानून?

लेखन आबिद खान
Jul 03, 2025
04:58 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कभी उनके करीबी रहे अरबपति कारोबारी एलन मस्क के बीच दूरियां बढ़ती ही जा रही हैं। मस्क ट्रंप के महत्वाकांक्षी 'बिग ब्यूटीफुल विधेयक' का विरोध कर रहे हैं। हाल ही में ट्रंप ने कहा था कि अगर सरकारी सब्सिडी बंद कर दी जाए, तो मस्क को दक्षिण अफ्रीका वापस लौटना पड़ सकता है। इसके बाद मस्क की नागरिकता छीनने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। आइए पूरा मामला समझते हैं।

शुरुआत

कैसे हुई विवाद की शुरुआत?

दोनों के बीच 'बिग ब्यूटीफुल विधेयक' को लेकर काफी मतभेद हैं। पहले सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं में बयानों का दौरा चला। इस बीच ट्रंप के सलाहकार स्टीव बेनन ने कह दिया कि मस्क को अमेरिका से हटा दिया जाए। इसके बाद एक जुलाई को जब पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या वे मस्क को निर्वासित करने जा रहे हैं, तो उन्होंने कहा, "हमें इस पर विचार करना होगा। हमें एलन पर DOGE लगाना पड़ सकता है।"

अमेरिका

मस्क अमेरिका कैसे आए?

मस्क मूल रूप से दक्षिण अफ्रीका के हैं। 1971 में उनका जन्म प्रिटोरिया में हुआ था। उनकी मां कनाडाई और पिता दक्षिण अफ्रीकी मूल के हैं। 17 साल की उम्र में मस्क कनाडा आ गए और 1989 में उन्हें कनाडा की नागरिकता मिल गई, जो अभी भी है। 1992 में मस्क पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए। यहां पढ़ाई के दौरान ही मस्क ने खुद की कंपनी खोल ली। मस्क को 2002 में अमेरिका की नागरिकता मिली थी।

नागरिकता

मस्क की नागरिकता की क्या स्थिति है?

मस्क के पास फिलहाल 3 देशों की नागरिकता है- अमेरिका, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा। मस्क को दक्षिण अफ्रीका की नागरिकता जन्म के आधार पर, कनाडा की नागरिकता अपनी मां के कनाडाई होने की वजह से और अमेरिका की नागरिकता नेचुरलाइजेशन की प्रक्रिया के जरिए मिली है। इसमें आमतौर पर ग्रीन कार्डधारक के रूप में कुछ सालों तक निवास करना, नागरिकता परीक्षा देना और किसी अपराध या आव्रजन उल्लंघन से दूरी बनाए रखना शामिल होता है।

निर्वासन

नागरिकता छीनने पर अमेरिकी कानून क्या कहता है?

मस्क को नेचुरलाइजेशन के तहत अमेरिकी नागरिकता मिली है। कुछ खास परिस्थितियों में इस तरह की नागरिकता को छीना जा सकता है। अगर ऐसे नागरिक आतंकवाद, युद्ध अपराध, मानवाधिकार उल्लंघन या यौन अपराध में शामिल पाए जाते हैं तो इनकी नागरिकता छीनी जा सकती है। इसके अलावा नागरिकता प्राप्त करने के लिए धोखाधड़ी करना, गलत दस्तावेज पेश करना, झूठी जानकारी देना, जरूरी जानकारी छिपाना या गलत बयान देना शामिल है।

मस्क

क्या मस्क से छीनी जा सकती है अमेरिकी नागरिकता?

लास वेगास के नेवादा विश्वविद्यालय में कानून के प्रोफेसर माइकल कागन ने अल जजीरा से कहा, "नेचुरलाइजेशन के जरिए मिली नागरिकता छीनना उन मामलों तक सीमित है, जहां सरकार मूल आवेदनों में धोखाधड़ी साबित कर सकती है। यह मस्क या जोहरान ममदानी के मामले में असंभव है। यह राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए तैयार की गई गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी प्रतीत होती है।" बता दें कि न्यूयॉर्क मेयर पद के प्रत्याशी ममदानी की नागरिकता पर भी विवाद हो रहा है।

उल्लंघन

क्या मस्क ने किसी नागरिकता कानून का उल्लंघन किया है?

मस्क पर आरोप है कि वे उन्होंने वीजा शर्तों का उल्लंघन किया है। वॉशिंगटन पोस्ट ने 2024 में बताया कि मस्क ने 1995 में स्टैनफोर्ड में नामांकन नहीं किया और एक कंपनी में काम करने लगे। 1996 में इस कंपनी ने मस्क को 45 दिनों के भीतर अपना स्टेटस क्लियर करने की शर्त रखी थी। 2005 में मस्क ने स्वीकार किया था कि उनके पास विश्वविद्यालय में आवेदन करने के अलावा अमेरिका में रहने का कोई कानूनी आधार नहीं था।