Page Loader
ब्रिटेन ने रूस के वागनर समूह को आतंकवादी संगठन घोषित किया, प्रतिबंध लगाया
ब्रिटेन ने रूस की निजी सेना वागनर समूह को प्रतिबंधित किया (तस्वीर: X/@ChrisO_wikiE)

ब्रिटेन ने रूस के वागनर समूह को आतंकवादी संगठन घोषित किया, प्रतिबंध लगाया

लेखन गजेंद्र
Sep 15, 2023
07:16 pm

क्या है खबर?

ब्रिटेन ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए रूस की भाड़े की सेना वागनर समूह को आतंकवादी संगठन घोषित करते हुए प्रतिबंधित कर दिया। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, आंतरिक मंत्रालय ने 6 सितंबर को जारी एक बयान में वागनर की संपत्ति को आतंकी संपत्ति के रूप में वर्गीकृत करने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया था। आज शुक्रवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

आदेश

वागनर समूह को आतंकी संगठन घोषित करने के क्या मायने?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घोषणा के बाद ब्रिटेन में वागनर समूह से संबंध रखना या सक्रिय रूप से समूह का समर्थन करना एक अपराध माना जाएगा। इसके उल्लंघन पर 14 साल की जेल की सजा हो सकती है, जो जुर्माने के साथ या उसके स्थान पर दी जा सकती है। ब्रिटेन में वागनर समूह को अब 78 अन्य संगठनों के साथ जोड़ दिया गया है, जो प्रतिबंधित संगठनों में शामिल हैं।

बयान

क्या बोले रूस और ब्रिटेन?

ब्रिटेन में आंतरिक मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने वागनर समूह को हिंसक और विनाशकारी बताते हुए कहा कि इसने विदेशी धरती पर व्लादिमीर पुतिन के रूस के एक सैन्य उपकरण के रूप में काम किया है। प्रतिबंध को लेकर रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि कानूनी दृष्टिकोण से वागनर समूह का कोई अस्तित्व नहीं था। उन्होंने कहा कि इस पर टिप्पणी करने के लिए कुछ भी नहीं है।