Page Loader
चीन के अरुणाचल प्रदेश की जगहों के नाम बदलने का अमेरिका ने किया कड़ा विरोध
चीन के अरुणाचल प्रदेश में 11 जगहों के नाम बदलने का अमेरिका ने विरोध किया (तस्वीर: pixabay)

चीन के अरुणाचल प्रदेश की जगहों के नाम बदलने का अमेरिका ने किया कड़ा विरोध

लेखन गजेंद्र
Apr 05, 2023
10:33 am

क्या है खबर?

चीन के अरुणाचल प्रदेश की 11 जगहों के नाम बदलने को अमेरिका ने एकतरफा कार्रवाई बताया है और इसका कड़ा विरोध किया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव काराइन जीन-पियरे ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "संयुक्त राज्य अमेरिका ने उस क्षेत्र (अरुणाचल प्रदेश) को लंबे समय से (भारत के अभिन्न अंग के रूप में) मान्यता दी है और हम इलाकों का नाम बदलकर क्षेत्रीय दावों को आगे बढ़ाने के किसी भी एकतरफा प्रयास का कड़ा विरोध करते हैं।"

विवाद

क्या है मामला?

तिब्बत के दक्षिणी हिस्से पर अपना दावा पक्का करते हुए चीन ने अरुणाचल प्रदेश में 11 और स्थानों के लिए चीनी नामों की घोषणा की थी। चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय द्वारा रविवार को 11 स्थानों के आधिकारिक नाम जारी किए गए। बदले हुए नामों में पर्वत चोटियां, नदियां और आवासीय क्षेत्र शामिल हैं। ऐसा तीसरी बार हुआ है। चीन ने अप्रैल, 2017 और दिसंबर, 2021 में भी एकतरफा रूप से अरुणाचल प्रदेश में जगहों के नाम बदले थे।