Page Loader
डोनाल्ड ट्रंप से बात करने के बाद बोले पुतिन- युद्ध विराम पर काम करने को तैयार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर की बात

डोनाल्ड ट्रंप से बात करने के बाद बोले पुतिन- युद्ध विराम पर काम करने को तैयार

May 19, 2025
11:38 pm

क्या है खबर?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान इस बात पर विचार-विमर्श किया गया कि यूक्रेन में तत्काल युद्ध विराम न सही, लेकिन शीघ्र युद्ध विराम के लिए रूस और यूक्रेन को किसी प्रकार सहमत होना होगा। ट्रंप से करीब 2 घंटे तक बात करने के बाद पुतिन ने कहा कि रूस यूक्रेन में संघर्ष रोकने की दिशा में काम करने को तैयार है।

बयान

पुतिन ने क्या दिया बयान?

पुतिन ने बातचीत को उपयोगी बताते हुए कहा कि अगर कोई व्यावहारिक समझौता बनता है, तो रूस युद्ध विराम के लिए तैयार है। उन्होंने रूस-यूक्रेन के बीच सीधी बातचीत फिर से शुरू कराने के लिए अमेरिकी समर्थन का धन्यवाद भी दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रूस अब एक संभावित शांति समझौते के मसौदे पर काम करने को तैयार है। इस मसौदे में शांति स्थापना के तरीके, युद्ध विराम की शर्तें और समय सीमा तय की जाएगी।

उम्मीद

हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं- पुतिन

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, "सीधी बातचीत की प्रक्रिया को देखकर कहा जा सकता है कि हम सही दिशा में बढ़ रहे हैं। रूस का रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है। हम इस संकट की जड़ को समाप्त करना चाहते हैं, बस यह तय करना है कि शांति की दिशा में सबसे प्रभावी रास्ता कौन-सा होगा।" इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से भी फोन पर बात कर संघर्ष विराम करने के संभावित रास्तों पर चर्चा की।

बयान

ट्रंप ने क्या दिया बयान?

बातचीत के बाद ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरी 2 घंटे की बातचीत अभी-अभी पूरी हुई है। मेरा मानना ​​है कि यह बहुत अच्छी रही। रूस और यूक्रेन तुरंत युद्ध विराम के लिए बातचीत शुरू करेंगे और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि युद्ध को समाप्त करेंगे।' उन्होंने आगे लिखा, 'रूस चल रहे रक्तपात के समाप्त होन के बाद अमेरिका के साथ बड़े पैमाने पर व्यापार करने में दिलचस्पी रखता है।'

राय

जेलेंस्की ने क्या कहा?

ट्रंप के साथ बातचीत के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि कीव और उसके सहयोगी युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत यूक्रेन, रूस, अमेरिका, यूरोपीय संघ के देशों और ब्रिटेन को शामिल करते हुए एक उच्च स्तरीय बैठक पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बैठक जल्द ही हो सकती है। यह बैठक संभवतः तुर्की, वेटिकन या स्विटजरलैंड द्वारा आयोजित की जाएगी।