Page Loader
हैरी पॉटर की पहली किताब के वॉटरकलर की होगी नीलामी, अनुमानित कीमत है 5 करोड़ रुपये
हैरी पॉटर की किताब को रंगने वाले वॉटरकलर होगें नीलाम

हैरी पॉटर की पहली किताब के वॉटरकलर की होगी नीलामी, अनुमानित कीमत है 5 करोड़ रुपये

लेखन अंजली
May 02, 2024
02:00 pm

क्या है खबर?

हैरी पॉटर की पहली किताब के कवर के लिए इस्तेमाल हुए वॉटरकलर को अमेरिका में नीलाम किया जा रहा है। किताब के कवर में एक पेंटिंग बनी है, जिसमें हैरी पॉटर को हॉगवर्ट्स एक्सप्रेस के आगे घबराए हुए खड़े दिखाया गया है। यह पेंटिंग साल 1997 में मशहूर चित्रकार थॉमस टेलर ने हैरी पॉटर एंड फिलोसोफर्स स्टोन नामक किताब के पहले संस्करण के कवर के लिए बनाई थी। आइए जानते हैं कि वॉटरकलर की नीलामी कहां और कब होगी।

नीलामी

कहां होगी नीलामी?

वॉटरकलर की नीलामी न्यूयॉर्क में स्थित सोथबी नीलामी घर द्वारा की जा रही है और इसकी अनुमानित कीमत 4 से 6 लाख डॉलर (लगभग 3-5 करोड़ रुपये) के बीच रखी हुई है। सोथबी के नीलामीकर्ता ने कहा कि वॉटरकलर की अनुमानित कीमत हैरी पॉटर से जुड़ी वस्तुओं पर लगाया गया अब तक का सबसे अधिक पूर्व-बिक्री अनुमान है। नीलामी घर के मुताबिक, दुनियाभर में हैरी पॉटर के प्रशंसक बहुत हैं, इसलिए ये वॉटरकलर भी अच्छी कीमत पर बिकेंगे।

करियर

इस पेंटिंग से थॉमस ने की थी अपने करियर की शुरूआत 

थॉमस ने 23 साल की उम्र में हैरी पॉटर की किताब के कवर की पेंटिंग को बनाकर अपने करियर की शुरूआत की थी। उन्होंने कहा, "इस पेंटिंग को देखना रोमांचक है, जो मेरे करियर की शुरूआत का प्रतीक है और इसे बनाने में मुझे 2 दिन का समय लगा था ।" इस पेंटिंग ने थॉमस के लिए एक सफल करियर की शुरूआत की, जिन्होंने बाद में द एरी-ऑन-सी मिस्ट्रीज नामक किताब की सीरिज बनाई।

तारीख

कब होगी नीलामी?

वॉटरकलर की नीलामी आगामी 26 जून को होगी और अगर आप इसके लिए इच्छुक हैं तो सोथबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर बोली लगा सकते हैं। इस नीलामी में कई अन्य मशहूर पेंटिंग और किताबों को भी बेचा जाएगा और नीलामी घर का मानना है कि सभी चीजें खुद में अपनी अलग कहानियां और विशेषता समेटे हुए हैं, इसलिए इनसे उन्हें अच्छी-खासी धनराशि मिल सकती है।

अन्य नीलामी

हैरी पॉटर सीरीज की दुर्लभ किताब लगभग 8 लाख रुपये में बिकी 

बीते फरवरी के महीने में 'हैरी पॉटर एंड द फिलोसोफर्स स्टोन' नामक किताब को यूनाइटेड किंगडम (UK) के स्टैफोर्डशायर में हैनसन नीलामी घर द्वारा बेचा गया था इस बिक्री से मिलने वाली धनराशि आइल ऑफ वाइट दुकान को दी गई थी। इस किताब की बोली 4,200 पाउंड यानी 4 लाख रुपये से शुरू हुई और कुछ मिनट चलने के बाद यह 7,500 पाउंड (7.88 लाख रुपये) में नीलाम हुई।