Page Loader
केकड़ा डालकर चाय बना रही महिला, लोग बोले- यह नहीं देखा जा रहा
केकड़ा वाली चाय का वीडियो वायरल

केकड़ा डालकर चाय बना रही महिला, लोग बोले- यह नहीं देखा जा रहा

लेखन गौसिया
Nov 07, 2023
01:20 pm

क्या है खबर?

भारत में चाय की दीवानगी ऐसी है कि लोग इसे कभी भी और कहीं भी पी सकते हैं। कुछ लोगों को अदरक वाली चाय पसंद होती है तो कुछ को इलायची वाली, लेकिन आज हम आपको एक बेहद अजीबोगरीब चाय के बारे में बताने वाले हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला 'केकड़ा वाली चाय' बना रही है। वीडियो में महिला चाय में केकड़ा मिला रही है, जिसे देखकर यूजर्स हैरान हैं।

रेसिपी

इस तरह बनाई गई केकड़े वाली चाय

केकड़े वाली चाय का वीडियो एक्स पर एक यूजर ने साझा किया है। इस वीडियो में महिला उबलते हुए दूध में केकड़ा मिला देती है। थोड़ी देर बाद वह दूध में चायपत्ती और चीनी डाल देती है और उसे उबलने देती है। इसके बाद महिला चम्मच की मदद से केकड़े को चाय में मिलाकर उसे बाहर निकाल लेती हैं। आखिर में महिला चाय को कप में छानकर इसके किनारे केकड़ा रखकर सजा देती है।

वायरल

वायरल हो रहा वीडियो 

यह वायरल वीडियो एक्स पर 6 नवंबर को साझा किया गया था और अभी तक इसे 5,000 से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इस वीडियो में महिला पीछे से बंगाली भाषा में बोलते हुए चाय बना रही है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल का है। फिलहाल इस वीडियो को देखकर सबसे ज्यादा चाय प्रेमी निराश और गुस्से में हैं।

टिप्पणी

यूजर्स ने दीं ये प्रतिक्रियाएं

वायरल वीडियो को देखकर एक यूजर ने लिखा, 'अब अजीबोगरीब फूड कॉम्बिनेशन का लेवल भी बढ़ गया है।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'इन्हीं कारणों से एलियंस धरती पर नहीं आते।' तीसरे यूजर ने लिखा, 'मैंने अब चाय समेत सभी चीजों को बेकार होता देख लिया। अब बस पानी बचा है। उसको छोड़ देना।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'चाय प्रेमी होने के नाते मैं ये सब नहीं देख सकता।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए वीडियो

अन्य मामला

मछली वाली चाय का वीडियो भी हो चुका है वायरल

इससे पहले मछली वाली चाय का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो चुका है। उसमें एक महिला कच्ची मछली के पीछे का हिस्सा यानी उसकी पूंछ को चाय में डालकर मिला देती है। इसके बाद वह चाय को कप में छानकर उसी मछली की पूंछ को डंडी में फंसाकर कप के किनारे रख देती है। इस वीडियो को देखकर कुछ यूजर्स ने मजाक में चाय बनाने वाली महिला को अपराधी घोषित करते हुए उसके लिए मृत्युदंड की मांग तक की थी।