Page Loader
फूड कॉम्बिनेशन की सूची में 'मैंगो ऑमलेट' भी हुआ शामिल, आम और अंडा प्रेमी हुए निराश 
बाजार में आई नई डिश

फूड कॉम्बिनेशन की सूची में 'मैंगो ऑमलेट' भी हुआ शामिल, आम और अंडा प्रेमी हुए निराश 

लेखन गौसिया
May 12, 2023
07:25 pm

क्या है खबर?

गर्मियों में आम खाने का अलग ही मजा है। लोग इससे अचार, सब्जी, करी, कुल्फी और तरह-तरह के व्यंजन बनाते हैं। हालांकि, अगर आम को अंडे के साथ मिलाकर बनाया जाए तो क्या आप इसे खाना पसंद करेंगे? दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आम को अंडे के साथ मिलाकर एक अलग व्यंजन बनाया गया है। आइए जानते हैं कि आम और अंडे खाने के शौकीनों ने इस अजब-गजब फूड कॉम्बिनेशन पर क्या प्रतिक्रियाएं दीं।

रेसिपी

फूड ब्लॉगर ने शेयर किया मैंगो ऑमलेट का वीडियो

इंस्टाग्राम पर @thegreatindianfoodie नामक यूजर ने मैंगो ऑमलेट का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में विक्रेता ने गर्म तवे पर तेल डालकर 2 कच्चे ऑमलेट फ्राई करके अलग निकाल लिया। इसके बाद उन्होंने तवे पर मिर्च और मसालों के साथ उबले हुए अंडे की जर्दी को अच्छे से मिक्स किया और फिर उसमें आम का रस मिला दिया। अंत में विक्रेता ने इस मिश्रण को फ्राई किए अंडे के ऊपर डालकर धनिया पत्ती से गार्निश करके ग्राहक को दे दिया।

जानकारी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

इंटरनेट पर मैंगो ऑमलेट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। अभी तक इस वीडियो को 7,000 से ज्यादा लाइक्स मिले हैं। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, 'समझ नहीं आ रहा ये नाइंसाफी आम प्रेमियों के साथ हुई या अंडा प्रेमियों के साथ।'

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए मैंगो ऑमलेट का वीडियो

प्रतिक्रिया

वीडियो देखकर निराश हुए यूजर्स

इस अजीबोगरीब फूड कॉम्बिनेशन को देखकर ज्यादातर यूजर्स निराश हो गए और उनका मन खराब हो गया। एक यूजर ने लिखा, 'प्लीज यार... मैंगो जूस को तो मत ही खराब करिए।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'ये देखकर मेरा बस एक ही सवाल है। आप लोगों को इससे क्या खुशी मिल रही है?' तीसरे यूजर ने लिखा, 'आम भी कह रहा होगा कि मेरी शक्तियों का गलत इस्तेमाल हो रहा है।'' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'यह डिश रिजेक्टेड है।'

अन्य फूड कॉम्बिनेशन

क्या आपने ट्राई किया पुचका चॉप?

इससे पहले कोलकाता के सुभोमय नामक फूड ब्लॉगर ने पुचका से बनी डिश पुचका चॉप का वीडियो शेयर किया था। वीडियो में एक महिला मैश किए उबले आलू को ढेर सारी कटी हुई सब्जियों में डाल देती है और फिर उसमें कुछ मसाले, नमक, चीनी और इमली का पानी डालकर मिलाती है। इसके बाद इस मिश्रण को पुचके में भरकर बेसन के मिश्रण में डिप करके उन्हें डीप फ्राई करती है। सुभोमय को यह डिश काफी पसंद आई थी।