LOADING...
चीन में चल रहा अजीबोगरीब ट्रेंड? बच्चों के साथ बड़े भी इस्तेमाल करने लगे हैं चूसनी
चीन के लोग इस्तेमाल कर रहे हैं वयस्कों वाली चूसनी

चीन में चल रहा अजीबोगरीब ट्रेंड? बच्चों के साथ बड़े भी इस्तेमाल करने लगे हैं चूसनी

लेखन सयाली
Aug 04, 2025
01:22 pm

क्या है खबर?

शिशुओं और छोटे बच्चों के मुंह में आपने चूसनी जरूर देखी होगी। इसे पैसिफायर भी कहते हैं, जिसकी मदद से बच्चों को शांत करने और उन्हें सुलाने में मदद मिलती है। ज्यादातर बच्चे 2 से 4 साल की उम्र तक ही चूसनी इस्तेमाल करते हैं, जिसके बाद उनकी यह आदत छूट जाती है। हालांकि, क्या आपने कभी किसी वयस्क को चूसनी का उपयोग करते हुए देखा है? सुनने में अजीब लगता है, लेकिन ऐसा चीन में हो रहा है।

मामला

वयस्कों को क्यों करना पड़ रहा है चूसनी का इस्तेमाल?

आपको जानकर यकीन नहीं होगा कि चीन के वयस्क छोटे बच्चों की तरह चूसनी को पसंद करने लगे हैं। लोगों का दावा है कि इस उत्पाद को इस्तेमाल करने से उनकी चिंता दूर हो जाती है और अच्छी नींद आती है। यह उत्पाद चीन में इतना लोकप्रिय हो चुका है कि इसकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है। ऑनलाइन विक्रेताओं ने बताया कि वे एक महीने में लगभग 2,000 वयस्कों वाली चूसनी बेच लेते हैं।

चुसनी

बड़े आकार में बनाई जाती है वयस्कों वाली चूसनी

वयस्कों वाली चूसनी बच्चों की तुलना में बड़ी होती हैं। इनकी कीमत 121 से 6,070 रुपये के बीच होती है। चूसनी का निपल वाला हिस्सा पारदर्शी होता है और बाहरी भाग अलग-अलग रंगों में उपलब्ध रहता है। इसे यह बताकर बेचा जाता है कि यह उत्पाद न केवल चिंता कम करता है, बल्कि धूम्रपान छोड़ने में भी सहायता करता है। इतना ही नहीं, दावा किया जाता है कि इससे ठीक तरह सांस लेने में भी मदद मिलती है।

बयान

लोगों ने बताया चूसनी के इस्तेमाल का कारण

वैसे तो लोगों की इस विचित्र आदत को सुनकर सोशल मीडिया पर लोग उनका मजाक बना रहे हैं। हालांकि, कई लोग वयस्कों वाली चूसनी चूसने के व्यक्तिगत अनुभव और लाभ बताने के लिए भी आगे आए। एक व्यक्ति ने कहा, "यह मुलायम है और मुझे इसे चूसने में आराम मिलता है। इससे सांस लेने में कोई रुकावट नहीं आती।" वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने बताया, "जब काम का दबाव मुझे परेशान करता है तो मैं चुसनी चूसता हूं।"

डॉक्टर

डॉक्टर ने बताए इस आदत के नकारात्मक प्रभाव

स्वास्थ्य विशेषज्ञ वयस्कों को चूसनी इस्तेमाल करने के नकारात्मक प्रभावों के बारे में सचेत कर रहे हैं। लंबे समय तक चूसनी उपयोग करने से व्यक्ति की मुंह खोलने की क्षमता सीमित हो सकती है और चबाने पर दर्द महसूस हो सकता है। रोजाना 3 घंटे से ज्यादा समय तक चूसनी चूसने से एक साल बाद दांतों का आकार बदल सकता है। डॉक्टर ने यह भी चेतावनी दी कि सोते समय चूसनी के कुछ हिस्से शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।