Page Loader
अमेरिका की झील में मिली अनोखी मछली, मुंह में है इंसानों जैसे दांत
एक अमेरिकी मछुआरे को मिली मनुष्य के दांतों वाली मछली

अमेरिका की झील में मिली अनोखी मछली, मुंह में है इंसानों जैसे दांत

लेखन अंजली
Aug 28, 2024
11:04 am

क्या है खबर?

अमेरिका की एक स्थानीय झील से एक मछुआरे को ऐसी अनोखी मछली मिली है, जिसे देखकर कई लोग हैरान हैं। दरअसल, मछुआरे को एक दक्षिण अमेरिकी पिरान्हा मछली मिली, जिसके दांत एकदम इंसानों की तरह हैं। इस मछली पर बनाई गई एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर साझा की गई है। पोस्ट के मुताबिक, इस मछली का नाम पाकू है। आइए इस मछली के बारे में विस्तार से जानें।

मामला

लेक मेरेडिथ से मिली इंसानी दांतों वाली मछली

यह अनोखे दांत वाली मछली मछुआरे को बीते रविवार (25 अगस्त) को सैनफोर्ड की लेक मेरेडिथ में मिली और अब इसे लेक मेरेडिथ एक्वाटिक एंड वाइल्डलाइफ म्यूजियम में रखा गया है। फेसबुक पोस्ट के मुताबिक, पाकू दक्षिण अमेरिका के मीठे पानी के निकायों में रहती है और यह एक शाकाहारी मछली है। चीजों को वह अपने अनोखे दांतों से आसानी से चबा लेती है।

समुद्र

मछली को समुद्र में छोड़ने की बनाई जा सकती है योजना

वाइल्डलाइफ म्यूजियम के कर्मचारियों का मानना है कि पाकू को मेरेडिथ झील में किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा छोड़ा गया होगा, जिसने पहले इसे पालतू जानवर के तौर पर अपने पास रखा होगा। उन्होंने आगे कहा कि यह प्रजाति 6.5 इंच लंबी होने के साथ-साथ 39.91 किलोग्राम तक बढ़ती है। ऐसे में मछली को एक्वेरियम में रखना मुश्किल हो सकता है, इसलिए इसे समुद्र में छोड़ने की योजना बनाई जा सकती है।

पुराने मामले

पहले भी कई बार मिल चुकी है पाकू

अमेरिकी कृषि विभाग के अनुसार, पाकू को पहली बार 1980 के दशक में देखा गया था। तब से इसे 47 राज्यों में पकड़ा जा चूका है। पिछले साल अगस्त में ही ओक्लाहोम के एक 11 वर्षीय लड़के को अपने घर के पीछे तालाब में एक पाकू मिली थी। हालांकि, इस प्रजाति ने अभी तक कोई प्रजनन करने वाली आबादी स्थापित नहीं की है।

शो

इस शो में पाकू को दिखाया गया है खतरनाक

इस प्रजाति को एक एनिमल प्लैनेट शो 'रिवर मॉन्स्टर्स' के एक एपिसोड में भी दिखाया गया था, जिसमें इस मछली को काफी खुंखार दिखाया गया और इस पर तैराकों को काटकर उनकी हत्या के लिए भी जिम्मेदार ठहराया गया था। हालांकि, अमेरिका में अभी तक जितनी पाकू मिली हैं, अब तक ऐसे किसी हमले की सूचना नहीं मिली है। अगर आप यह एनिमल प्लैनेट शो देखना चाहते हैं तो यह अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।