LOADING...
अमेरिका: घर की मरम्मत के दौरान मिला 100 साल से भी पुराना सामान, ये चीजें शामिल
घर की मरम्मत करते वक्त व्यक्ति को मिली दसकों पुरानी चीजें (तस्वीर: फ्रीपिक)

अमेरिका: घर की मरम्मत के दौरान मिला 100 साल से भी पुराना सामान, ये चीजें शामिल

लेखन सयाली
Apr 16, 2024
05:01 pm

क्या है खबर?

घरों की मरम्मत करते समय अकसर लोगों को कुछ पुश्तैनी और नायाब चीजें मिल जाती हैं, जो सालों पुरानी होती हैं। ऐसा ही एक मामला अमेरिका से सामने आया है। यहां के रहने वाले एक व्यक्ति के घर में मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान उसे 100 साल से भी पुराना कुछ सामान मिला। इस पुश्तैनी सामान को देखकर वह बेहद हैरान रह गया। आइए इस पूरे मामले को विस्तार से जानते हैं।

मामला

शौचालय की छत के अंदर से मिला सामान 

अमेरिका के मिशीगन में रहने वाले जेसी लीच नामक व्यक्ति के घर में यह सदियों पुराना सामान मिला है। उन्होंने घर का हीटर खराब होने पर मरम्मत करवाने के लिए कुछ मजदूरों को बुलाया था। ग्रैंड रैपिड्स होम नाम के उनके घर में जब मजदूरों ने शौचालय की छत तोड़ी तो करीब 110 वर्ष पुराना सामान मिला। यह सामान किसी बक्से में होने की बजाय ढेर के रूप में दीवारों के बीच रखा हुआ था।

खोज

छत से मिलीं कुल 12 वस्तुएं 

शौचालय की छत के अंदर कुल 12 वस्तुएं मिलीं, जिनमें एक ड्राइंग के साथ एक पत्र भी शामिल था। इसके अलावा इस सामान में एक छोटा लोहे का पेन, एक छोटा उपकरण, एक मार्बल, डोमिनोज का एक जोड़ा, यीशु की एक तस्वीर और 1915 से समाचार पत्रों की कतरनें मिली थीं। तस्वीरों में सभी चीजों पर जंग लगी हुई दिखाई पड़ रही थी, जो इनके दशकों पुराने होने का प्रमाण देता है।

Advertisement

बयान

किसी बच्चे ने छुपाई होंगी ये वस्तुएं-जेसी 

इस मामले पर बात करते हुए जेसी ने कहा, "मुझे पता था कि यह जगह 1910 में बनाई गई थी और यह एक बहुत पुरानी इमारत है।" उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि यहां रहने वाले किसी बच्चे ने सोचा होगा कि यह सामान आगे की पीढ़ी के लिए जरूरी हो सकता है, जिस कारण उसने ये वस्तुएं छुपाकर रख दी होंगी।" जेसी को ये पुश्तैनी चीजें ढूंढना बेहद मजेदार अनुभव लगा।

Advertisement

अन्य वस्तुएं 

पहले भी घर में मिल चुकी हैं कुछ पुश्तैनी चीजें 

जानकारी के मुताबिक जेसी की 2 बेटियां हैं, जो इन वस्तुओं के अब तक सलामत रहने पर हैरानी महसूस करती हैं। जेसी का कहना है कि उन्हें इस घर में पहले भी कुछ पुरानी चीजें मिल चुकी हैं। वह इन पुश्तैनी चीजों को अपने घर में सजाकर रखने वाले हैं। उनका कहना है कि वह इन सभी वस्तुओं में लगी जंग को साफ करके उन्हें इस्तेमाल करेंगे। जेसी इन चीजों की मदद से संगीत बनाने की योजना बना रहे हैं।

प्रेम पत्र 

एक दंपत्ति को भी शौचलय में मिले थे दशकों पुराने प्रेम पत्र 

इससे पहले अमेरिका स्थित मिनियापोलिस में रहने वाले मैट और कैरी टेस्मर नामक दंपत्ति को अपने शौचालय की मरम्मत करते वक्त 2 प्रेम-पत्र समेत कई दशकों पुरानी चीजें मिली थीं। ये दशकों पुराने प्रेम पत्र जॉन नामक व्यक्ति ने अपनी 2 प्रेमिकाओं के नाम लिखे थे। दंपत्ति ने बताया की उन्हें शौचालय की दीवार के अंदर से दवाएं रखने के डिब्बे, ग्लिसरीन, गुलाब जल और रेजर ब्लेड भी मिले थे।

Advertisement