Page Loader
अमेरिका: विमान की सामान रखने वाली जगह पर चढ़कर सो गई महिला, वायरल हुआ वीडियो

अमेरिका: विमान की सामान रखने वाली जगह पर चढ़कर सो गई महिला, वायरल हुआ वीडियो

लेखन सयाली
May 10, 2024
02:28 pm

क्या है खबर?

आपने कई बार लोगों को विमान की सीटों पर लेटकर आराम करते हुए देखा होगा। विमान यात्रा के दौरान बैठे-बैठे असुविधा महसूस होने लगती है, जिसके चलते लोग अपनी सीट पर ही पैर फैला लेते हैं। हालांकि, अमेरिका के एक विमान में यात्रा कर रही एक महिला सामान रखने वाली जगह पर ही चढ़ गईं। इतना ही नहीं, वह सामान रखने की जगह पर लेटकर सो भी गईं। आइए इस पूरे मामले को विस्तार से जानते हैं।

मामला

टिक-टॉक पर छा गया इस विचित्र घटना का वीडियो 

अमेरिका की साउथवेस्ट एयरलाइंस की एक महिला यात्री विमान के सामान रखने वाले स्थान पर चढ़कर सो गईं। इस घटना के बाद उनके सहयात्री बेहद घबरा गए और शिकायत करने लगे। इस पूरी घटना को किसी व्यक्ति ने कैमरे में कैद कर लिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिक-टॉक पर पोस्ट कर दिया। बता दें कि इस विचित्र घटना के वीडियो को खबर लिखे जाने तक करीब 51 लाख लोगों ने देखा है।

वीडियो

महिला की इस हरकत पर छूटी लोगों की हंसी 

कियूरियस क्लिप नामक अकाउंट पर पोस्ट किए गए वीडियो में लिखा गया, 'साउथवेस्ट एयरलाइन जंगली है।' वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला आराम से विमान की सामान रखने वाली जगह पर लेटकर सोने की तैयारी कर रही है। इसके बाद वीडियो बनाने वाला व्यक्ति अपनी ओर कैमरा घुमाकर दिखता है कि कैसे लोग इस वाली घटना पर हंस रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि वीडियो के दौरान कोई महिला को नीचे उतरने के लिए नहीं कहता।

सवाल

महिला की इस हरकत की वजह अब-तक नहीं आई सामने 

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह महिला कोई यात्री थी या कैबिन क्रू का हिस्सा थी। साथ ही यह भी साफ नहीं हो सका है कि सामान रखने वाली जगह पर चढ़ने के पीछे उनकी क्या मंशा थी। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होते ही लोग इस घटना पर कई सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं। लोग यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि इस महिला के साथ आगे क्या हुआ होगा।

प्रतिक्रियाएं

इस विचित्र घटना पर लोगों ने दी मिली-झुली प्रतिक्रियाएं 

इस विचित्र घटना के उजागर होने के बाद से ही इसपर लोगों की मिली-झुली प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कई लोगों ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए साउथवेस्ट एयरलाइंस की सेवाओं को अव्यवसायिक बताया। जहां कुछ लोगों ने कमंट के जरिए लिखा, 'आखिर यह महिला वहां तक पहुंची कैसे?', वहीं कुछ लोगों ने इस घटना का मजाक भी बनाया। एक उपयोगकर्ता ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'सच में साउथवेस्ट एयरलाइंस आपको अपनी सीट चुनने का मौका देती है।'

पिछली घटनाएं 

पहले भी विमान की सामान रखने वाली जगह पर सोए हैं लोग 

विमान की सामान रखने वाली जगह पर आराम करने का यह पहला मामला नहीं है। पिछले साल गर्मियों में स्पेन के इबीजा से रवाना होने वाले रयानएयर विमान में एक यात्री सामान रखने वाली जगह पर सो गया था। इस घटना के वीडियो में अज्ञात व्यक्ति को सामान रखने की जगह से बाहर निकलते वक्त हंसते हुए देखा जा सकता है। साल 2019 में साउथवेस्ट एयरलाइंस की एक एयर होस्टेस ने भी ऐसी ही घटना को अंजाम दिया था।