WPL 2026: RCB ने फाइनल में DC को हराते हुए अपना दूसरा खिताब जीता
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। वडोदरा में हुए फाइनल में DC ने कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज के अर्धशतक (57) की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए 203/4 का स्कोर बनाया। जवाब में RCB ने कप्तान स्मृति मंधाना (87) और जॉर्जिया वॉल (79) की पारियों की मदद से लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा फाइनल मुकाबला
DC को शफाली वर्मा (20) के रूप में पहला झटका लगा, जबकि लिजेल ली 20 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद रोड्रिगेज, और लौरा वोल्वाड्ट (44) ने पारी को संभाला। वहीं, शिनेल हेनरी ने आक्रामक अंदाज में नाबाद 35 रन बनाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में ग्रेस हैरिस (9) के जल्दी आउट होने के बाद मंधाना और वॉल ने उम्दा पारियां खेली। आखिरकार RCB ने 19.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
रोड्रिगेज
WPL 2026 में रोड्रिगेज ने लगाया दूसरा अर्धशतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए DC ने जब 72 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब रोड्रिगेज क्रीज पर आई। उन्होंने RCB के गेंदबाजों के सामने अच्छी रन गति से बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 37 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुई। रोड्रिगेज ने WPL 2026 में 10 पारियों में 33.00 की औसत और 141.93 की स्ट्राइक रेट के साथ 264 रन बनाए। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए।
जॉर्जिया वॉल
जॉर्जिया वॉल ने खेली उम्दा पारी
RCB ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जब 9 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया, तब वॉल क्रीज पर आई। उन्होंने पावरप्ले ओवरों का भरपूर फायदा उठाया और DC की औसत सी गेंदबाजी के सामने उम्दा बल्लेबाजी की। इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 54 गेंदों पर 79 रन की पारी खेलकर आउट हुई। उन्होंने अपनी इस पारी में 14 चौके भी लगाए।
मंधाना
मंधाना ने खेली कप्तानी पारी
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने ग्रेस हैरिस का विकेट जल्दी गंवा दिया था। इसके बावजूद कप्तान मंधाना ने आक्रामक बल्लेबाजी की और सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने अपने WPL में 1,000 रन का आंकड़ा भी पार किया। वह 41 गेंदों में 12 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 87 रन बनाकर आउट हुई। वह WPL 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रही।
साझेदारी
वॉल और मंधाना ने की रिकॉर्ड साझेदारी
वॉल और मंधाना ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रन की साझेदारी की। यह WPL के इतिहास में किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ। इससे पहले मेग लैनिंग और शफाली वर्मा (DC) ने WPL 2023 में RCB के खिलाफ 162 रन की साझेदारी की थी। इस सूची में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी जेस जोनासेन और शफाली (146 रन बनाम RCB, बेंगलुरु, 2025) की दर्ज है।
खिताब
RCB ने जीता अपना दूसरा खिताब
WPL के इतिहास में यह RCB की दूसरी खिताबी जीत साबित हुई। इससे पहले 2024 के संस्करण में भी RCB ही विजेता बनी थी। दिलचस्प रूप से तब भी RCB की कप्तानी मंधाना ने की थी। RCB के अलावा मुंबई इंडियंस (MI) 2 बार (2023 और 2025) विजेता बनी है। वहीं, DC की टीम अब तक खिताब नहीं जीत सकी है। दिलचस्प रूप से DC ने चौथी बार फाइनल में प्रवेश किया था।