WPL 2026: जेमिमा रोड्रिगेज ने फाइनल में लगाया अर्धशतक, DC ने दिया 204 का लक्ष्य
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अर्धशतक (57) लगाया। यह उनका मौजूदा सीजन में दूसरा अर्धशतक रहा। इस बीच उन्होंने लौरा वोल्वाड्ट (44) के साथ मिलकर 76 रन की साझेदारी भी की। DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 203/4 स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
रोड्रिगेज ने 32 गेंदों में लगाया अर्धशतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए DC ने जब 72 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब रोड्रिगेज क्रीज पर आई। उन्होंने RCB के गेंदबाजों के सामने अच्छी रन गति से बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 37 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुई। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 8 चौके लगाए। रोड्रिगेज की उम्दा पारी का अंत सायली सतघरे ने किया।
DC
DC ने बनाया बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए DC को शफाली वर्मा के रूप में पहला झटका लगा। सलामी बल्लेबाज शफाली 13 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुई। वहीं, लिजेल ली 20 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुई। DC की भरोसेमंद बल्लेबाज लौरा वोल्वाड्ट ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए। वहीं, आखिरी ओवरों के दौरान बल्लेबाजी के लिए आई शिनेल हेनरी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। हेनरी ने 15 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए।
जानकारी
DC ने बनाया WPL फाइनल का सर्वोच्च स्कोर
DC ने WPL इतिहास के फाइनल का सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड दर्ज किया। इसके साथ ही यह WPL के प्लेऑफ मुकाबलों में दूसरा सर्वोच्च स्कोर साबित हुआ। बता दें कि WPL 2025 के एलिमिनेटर में MI ने GG के विरुद्ध 213/4 का स्कोर बनाया था।
आंकड़े
WPL 2026 में रोड्रिगेज का प्रदर्शन
रोड्रिगेज ने WPL 2026 में 10 पारियों में 33.00 की औसत और 141.93 की स्ट्राइक रेट के साथ 264 रन बनाए। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए। अपने WPL करियर में इस शीर्षक्रम की बल्लेबाज ने 37 मैच खेले हैं, जिसकी 34 पारियों में उन्होंने 29.65 की औसत और 140.43 की स्ट्राइक रेट के साथ 771 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 69* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 5 अर्धशतक लगाए हैं।