WPL 2026: जॉर्जिया वॉल ने फाइनल में खेली 79 रन की पारी, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराया। वडोदरा में हुए फाइनल मैच में RCB ने जीत के लिए मिले 204 रन के लक्ष्य को 2 गेंद शेष रहते हासिल किया। RCB की खिताबी जीत में जॉर्जिया वॉल (79) और स्मृति मंधाना (87) की अहम भूमिका रही। इस बीच वॉल की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही वॉल की पारी
RCB ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जब 9 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवाया, तब वॉल क्रीज पर आई। उन्होंने पावरप्ले ओवरों का भरपूर फायदा उठाया और DC की औसत सी गेंदबाजी के सामने उम्दा बल्लेबाजी की। इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 54 गेंदों पर 79 रन की पारी खेलकर आउट हुई। उन्होंने अपनी इस पारी में 14 चौके भी लगाए।
आंकड़े
ऐसा है वॉल का WPL करियर
WPL 2026 में वॉल ने 6 पारियों में 34.00 की औसत और 126.86 की स्ट्राइक रेट के साथ 170 रन बनाए। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए। अपने WPL करियर में उन्होंने अब तक 9 मैचों में 46.28 की औसत और 143.36 की स्ट्राइक रेट के साथ 324 रन बनाए। इस बीच उन्होंने नाबाद 99 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। वह 2024 में UPW से खेली थी।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती RCB की टीम
DC को शफाली वर्मा (20) के रूप में पहला झटका लगा, जबकि लिजेल ली 20 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद जेमिमा रोड्रिगेज (57), और लौरा वोल्वाड्ट (44) ने पारी को संभाला। वहीं, शिनेल हेनरी ने आक्रामक अंदाज में नाबाद 35 रन बनाते हुए टीम को 203/4 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में ग्रेस हैरिस (9) के जल्दी आउट होने के बाद मंधाना (87) और जॉर्जिया वॉल (79) ने उम्दा पारियां खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई।