महिला टी-20 विश्व कप 2026: वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को हराकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत
क्या है खबर?
महिला टी-20 विश्व कप 2026 के 12वें मुकाबले में वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम ने स्कॉटलैंड महिला क्रिकेट टीम को 7 रन से हरा दिया। इसी के साथ उसने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। पहले मैच में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से हराया था। स्कॉटलैंड अपना पहला मुकाबला हारी है। उसे पहले मैच में आयरलैंड के खिलाफ 40 रन से जीत मिली थी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने 153/6 का स्कोर बनाया। टीम के लिए स्टेफनी टेलर ने 47 रन की पारी खेली। शेमेन कैंपबेल ने 36 रन बनाए। स्कॉटलैंड से कैथरीन फ्रेजर ने 2 विकेट चटकाए। जवाब में स्कॉटलैंड ने आखिरी तक संघर्ष किया, लेकिन टीम 20 ओवर में 146 रन ही बना पाई। डार्सी कार्टर ने सबसे ज्यादा 59 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए आलिया एलीन और हेली मैथ्यूज ने 3-3 विकेट अपने नाम किए।
इतिहास
डिएंड्रा डॉटिन ने वेस्टइंडीजी के लिए खेले 150 मुकाबले
डिएंड्रा डॉटिन वेस्टइंडीज के लिए 150 या उससे ज्यादा मैच खेलने वालीं सिर्फ दूसरी खिलाड़ी बनीं हैं। वेस्टइंडीज के लिए उनसे ज्यादा मुकाबले सिर्फ शेमेन कैंपबेल (156) ने खेले हैं। डॉटिन ने 146 पारियों में 26.03 की औसत से 3,150 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 14 अर्धशतक निकले हैं। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 81 पारियों में 20.14 की औसत और 6.80 की इकॉनमी रेट से 77 विकेट लिए हैं।
पारी
टेलर ने खेली धमाकेदार पारी
वेस्टइंडीज के लिए टेलर ने सिर्फ 19 गेंदों का सामना किया और 47* रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 247.37 की रही। इस खिलाड़ी ने जहजारा क्लैक्सटन के साथ 19 गेंदों में 37 रन की साझेदारी निभाई। इसके अलावा जैनिलीया ग्लासगो के साथ सिर्फ 14 गेंदों में 31 रन जोड़े। टेलर ने अब तक 135 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और इसकी 132 पारियों में 3,623 रन बनाने में सफल रहीं हैं।
अर्धशतक
कार्टर ने टी-20 विश्व कप में जड़ा अपना पहला अर्धशतक
कार्टर ने 62 गेंदों का सामना किया और 59 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 95.16 की रही। पहले विकेट के लिए उन्होंने कैथरीन फ्रेजर के साथ 31 गेंदों में 51 रन की साझेदारी निभाई। ऐल्सा लिस्टर के साथ उन्होंने 45 गेंदों में 58 रन जोड़े। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 9वां अर्धशतक रहा। टी-20 विश्व कप में उन्होंने पहला पचासा लगाया। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 पारियों में 92 रन बनाए हैं।