महिला टी-20 विश्व कप 2026: फीबी लिचफील्ड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया अर्धशतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की फीबी लिचफील्ड ने टी-20 विश्व कप 2026 के तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 50 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक साबित हुआ। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे तेज पचासा जड़ने वाली खिलाड़ियों की सूची में शुमार हुई। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही लिचफील्ड की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को पहले ही ओवर में 1 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आई लिचफील्ड ने मैनचेस्टर के मैदान पर पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया। इस आक्रामक बल्लेबाज ने प्रोटियाज गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए अर्धशतक पूरा किया। वह 24 गेंदों में 50 रन की पारी खेलकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुई। पवेलियन लौटने से पहले उन्होंने 9 चौके और 1 छक्का लगाया।
सूची
टी-20 विश्व कप में लगाया तेज अर्धशतक
लिचफील्ड अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बनी। कंगारू टीम से सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड एलिसी हीली (21 गेंद बनाम आयरलैंड, 2018) के नाम पर दर्ज है। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और इंग्लैंड की एलिस कैसी भी 21-21 गेंदों में अर्धशतक लगा चुकी हैं। वहीं, वेस्टइंडीज की डियांड्रा डॉटिन 22 गेंदों में पचासा जड़ चुकी हैं।