इंग्लैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा अलग चेंजिंग रूम, जानिए क्या कहते हैं नियम
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी अभी इंग्लैंड दौरे पर हैं। 15 साल के इस खिलाड़ी को पहली बार टीम में मौका मिला है। अब उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग चेंजिंग रूम का इस्तेमाल करना होगा। द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, वैभव नाबालिग हैं इसलिए उनकी सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े नियम पूरी सीरीज के दौरान लागू रहेंगे। इन्हीं दिशानिर्देशों के तहत उनके लिए अलग सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
डेब्यू
ये बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं वैभव
वैभव को आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में डेब्यू का मौका मिल सकता है। अगर ऐसा होता है तो वह भारत के सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन जाएंगे। भारत आयरलैंड के बीच 2 टी-20 मैच होंगे, इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज होनी है। फिलहाल भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 1989 में 16 साल और 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था।
नियम
क्या कहता है ये नियम?
रिपोर्ट के अनुसार, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) के नियमों के तहत 16 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों को वयस्क खिलाड़ियों के साथ एक ही चेंजिंग रूम इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। इसी कारण वैभव के लिए इंग्लैंड दौरे के सभी मैदानों पर अलग सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। वैभव के माता-पिता भी उनके साथ रहेंगे। वहीं, BCCI और ECB सभी मैचों में जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है।
ICC
ICC के अधिकार क्षेत्र में आयोजित होगी सीरीज
ECB ने कहा कि यह ICC के अधिकार क्षेत्र में आयोजित सीरीज है, इसलिए पूरे दौरे के दौरान उसकी सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाएं लागू रहेंगी। यदि किसी तरह की सुरक्षा से जुड़ी स्थिति पैदा होती है तो कुछ मामलों में उसका प्रबंधन ICC करेगा। ECB के क्रिकेट रेगुलेटर भारतीय टीम के लायजन अधिकारी के संपर्क में हैं, ताकि इंग्लैंड वैभव के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं और सुरक्षा मानक सुनिश्चित किए जा सकें।
काम
इंग्लैंड के अधिकारी भारतीय अधिकारी के साथ मिलकर काम कर रहे
ECB के अनुसार इंग्लैंड दौरे के सभी मैच स्थलों पर संबंधित काउंटी के सेफगार्डिंग अधिकारी भारतीय टीम के अधिकारी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खासकर चेंजिंग रूम से जुड़े सभी नियमों और व्यवस्थाओं का पालन हो। इसके लिए सुरक्षा जोखिमों का आकलन भी किया जा रहा है। बोर्ड के मुताबिक, वैभव के माता-पिता को वैभव की उम्र को देखते हुए उन्हें टीम होटल में ठहरने की विशेष अनुमति दी गई है।
डेब्यू
डेब्यू से पहले रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण से पहले वैभव श्रीलंका में खेली गई त्रिकोणीय वनडे सीरीज में आखिरी बार खेले थे। फाइनल में उन्होंने मात्र 29 गेंदों पर 94 रनों की शानदार पारी खेलकर इंडिया-A को खिताब जीतने में मदद की। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। अब वैभव आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में 26 और 28 जून को होने वाली 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भी धमाल मचाना चाहेंगे।