वेस्टइंडीज ने तीसरे टी-20 में श्रीलंका को हराया, 2-1 से जीती सीरीज
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने तीसरे टी-20 मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराते हुए 2-1 से सीरीज अपने नाम की। सबीना पार्क में खेले गए मैच में मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 169 रन बनाए। जवाब में कैरेबियाई टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड (54*) की पारी की मदद से 2 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
पथुम निसांका (26) और कुसल मेंडिस (5) के जल्दी आउट होने के बाद श्रीलंका ने 88 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। संकट की घड़ी में दुनिथ वेल्लालगे ने 28 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वेस्टइंडीज से शमर जोसेफ ने 5 विकेट लिए। जवाब में शाई होप (0) और अकीम ऑगस्ट (1) के आउट होने के बाद शिमरोन हेटमायर (32) ने संघर्ष किया। इसके बाद रदरफोर्ड और जेसन होल्डर (21*) ने जीत दिलाई।
शमर जोसेफ
शमर जोसेफ ने पहली बार लिया 5 विकेट हॉल
तेज गेंदबाज जोसेफ ने निसांका को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपनी अगली ही गेंद पर पवन रत्नायके (0) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस गेंदबाज ने महेश तीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा और वेल्लालगे के भी विकेट चटकाए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 8.20 की इकॉनमी रेट से 33 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की। उन्होंने अलावा वेस्टइंडीज के 4 अन्य गेंदबाजों ने 1-1 विकेट लिए।
रिकॉर्ड
श्रीलंका के खिलाफ 5 विकेट लेने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे गेंदबाज बने जोसेफ
जोसेफ अब श्रीलंका के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 5 विकेट हॉल लेने वाले वेस्टइंडीज के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले ओशाने थॉमस ने 2020 में श्रीलंका के खिलाफ 28 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वेस्टइंडीज की ओर से 9वां, 5 विकेट हॉल है। जोसेफ ने श्रीलंका के खिलाफ 6 पारियों में 14.00 की औसत के साथ 13 विकेट लिए हैं।
शेरफेन रदरफोर्ड
शेरफेन रदरफोर्ड ने खेली मैच जिताऊ पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने जब 53 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट गंवाया, तब रदरफोर्ड क्रीज पर आए। उन्होंने दबाव की घड़ी में उम्दा बल्लेबाजी की और अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक 39 गेंदों में लगाया। वह 40 गेंदों में 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी ओवरों में बल्लेबाजी के लिए आए होल्डर ने 5 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।