WPL 2026: RCB ने जीता अपना दूसरा खिताब, जानिए कैसा रहा उनका सफर
क्या है खबर?
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराते हुए अपना दूसरा खिताब जीता। फाइनल मुकाबले में RCB ने जीत के लिए मिले 204 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को हासिल किया। इस संस्करण में RCB ने अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए सीधे फाइनल का टिकट हासिल किया था। इस बीच WPL 2026 में RCB के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
RCB
RCB ने शुरुआती 5 मैचों में दर्ज की जीत
RCB ने मुंबई इंडियंस (MI) को 3 विकेट से हराते हुए अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की। इसके बाद मंधाना के नेतृत्व वाली टीम ने यूपी वारियर्स (UPW) को 9 विकेट से हराया। अपने तीसरे मुकाबले में RCB ने गुजरात जायंट्स (GG) को 32 रन से शिकस्त दी। इसके बाद RCB ने चौथे मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट से और 5वें मैच में GG को 61 रन से हराया।
मैच
DC ने रोका RCB का विजय रथ
आखिरकार RCB का विजय रथ DC ने रोका। RCB को अपने छठे मैच में DC के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। अपने 7वें मैच में RCB को MI के विरुद्ध 15 रन से हार मिली। अपने 8वें मैच में RCB ने UPW को 8 विकेट से हराते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया। बता दें कि अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम को सीधे फाइनल में प्रवेश मिलना था।
रन
RCB से इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
मंधाना इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रही। उन्होंने 9 पारियों में 53.85 की औसत और 153.25 की स्ट्राइक रेट से 377 रन बनाए। ग्रेस हैरिस इस सूची में दूसरे स्थान पर रही। इस आक्रामक बल्लेबाज ने 9 पारियों में 26.33 की औसत और 178.19 की स्ट्राइक रेट के साथ 237 रन बनाए। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 9 पारियों में 31.50 की औसत से 189 रन बनाए।
विकेट
RCB के इन गेंदबाजों ने लिए सर्वाधिक विकेट
इस सीजन में RCB से सबसे सफल गेंदबाज नादिन डी क्लर्क रही। इस दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने 9 मैचों में 15.68 की औसत और 7.84 की इकॉनमी रेट के साथ 16 विकेट लिए। लॉरेन बेल भी इस सूची में मौजूद है। इस इंग्लिश तेज गेंदबाज ने 9 मैचों में 16.58 की औसत और 5.52 की इकॉनमी रेट के साथ 12 विकेट लिए। श्रेयंका पाटिल ने 11 सफलताएं अपने नाम की।
फाइनल
इस तरह से जीती RCB की टीम
DC को शफाली वर्मा (20) के रूप में पहला झटका लगा, जबकि लिजेल ली 20 गेंदों में 37 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद रोड्रिगेज (57), और लौरा वोल्वाड्ट (44) ने पारी को संभाला। वहीं, शिनेल हेनरी ने आक्रामक अंदाज में नाबाद 35 रन बनाते हुए टीम को 203/4 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में ग्रेस हैरिस (9) के जल्दी आउट होने के बाद स्मृति मंधाना (87) और जॉर्जिया वॉल (79) ने उम्दा पारियां खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई।