लिस्ट-A क्रिकेट में इन भारतीय बल्लेबाजों ने बनाए हैं 14,000+ रन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान बड़ा मुकाम हासिल किया। वह इकाना स्टेडियम में हुए मैच में 48 रन बनाकर आउट हुए और इस बीच उन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में अपने 14,000 रन पूरे किए। वह इस आंकड़े को छूने वाले 5वें भारतीय बल्लेबाज बने। इस बीच लिस्ट-A क्रिकेट में 14,000+ रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।
#1
सचिन तेंदुलकर (21,999 रन)
सचिन तेंदुलकर इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में कुल 551 मैच खेले, जिसकी 538 पारियों में 45.54 की औसत के साथ 21,999 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने सर्वाधिक 60 शतक और 114 अर्धशतक लगाए थे। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 200 रन रहा। तेंदुलकर लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ ग्राहम गूच (22,211) और ग्रेम हिक (22,059) हैं।
#2
विराट कोहली (16,447 रन)
विराट कोहली ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के दौरान अपने लिस्ट-A करियर के 16,000 रन पूरे किए थे। कोहली ने 2006 में दिल्ली की ओर से खेलते हुए अपने लिस्ट-A करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 347 मैचों की 334 पारियों में 57.91 की औसत के साथ 16,447 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 183 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 59 शतक और 86 अर्धशतक लगाए हैं।
#3
सौरव गांगुली (15,622 रन)
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने 50 ओवर क्रिकेट में रनों का अम्बार लगाया था। अपने लिस्ट-A करियर में इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 437 मैच खेले, जिसमें 41.32 की औसत के साथ 15,622 रन बनाए थे। उन्होंने 31 शतक और 97 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 311 मैचों में 40.73 की औसत से 11,363 रन बनाए थे, जिसमें उनके 22 शतक और 72 अर्धशतक शामिल रहे।
#4
राहुल द्रविड़ (15,271 रन)
पूर्व भारतीय विकेटकीपर राहुल द्रविड़ ने अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में 42.30 की औसत के साथ 15,271 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 21 शतक और 112 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे। पूर्व कप्तान द्रविड़ ने भारत के लिए 344 वनडे में 39.16 की औसत से 10,889 रन बनाए थे। उन्होंने वनडे में 15,285 गेंदों का सामना किया था। इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 83 अर्धशतक लगाए थे।
#5
रोहित शर्मा (14,038 रन)
रोहित का लिस्ट-A क्रिकेट करियर काफी शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 357 मैच खेले हैं, जिसकी 345 पारियों में 46 से अधिक की औसत से 14,038 रन अपने नाम किए हैं। इसमें 37 शतक और 74 अर्धशतक शामिल हैं। रोहित ने फरवरी 2006 में लिस्ट-A डेब्यू किया था। इसके 16 महीने बाद उन्होंने अपना वनडे डेब्यू किया था। साल 2013 में सलामी बल्लेबाज की जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने अपना शानदार प्रदर्शन किया है।