IPL इतिहास में सर्वाधिक बार 200+ स्कोर बनाने वाली टीमें, जानिए किसने जीते सर्वाधिक मैच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 60वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 29 रन से हरा दिया। KKR से मिले 248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए GT की टीम 218/4 का स्कोर ही बना पाई। यह KKR का IPL इतिहास में 31वां 200 या उससे अधिक रन का टीम स्कोर था। ऐसे में आइए जानते हैं IPL इतिहास में किस टीम ने सर्वाधिक बार 200 या उससे अधिक के स्कोर बनाए हैं।
#1
CSK, PBKS और RCB - 40
IPL में सर्वाधिक बार 200+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK), पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के नाम दर्ज है। तीनों टीमों ने 40-40 बार यह कारनामा किया है। CSK ने 40 मैचों में से 28 में जीत मिली, जबकि 12 में हार झेली है। PBKS को 25 में जीत और 14 में हार मिली है। एक मुकाबला अनिर्णित रहा। RCB ने 27 जीते और 11 हारे हैं। इसी तरह एक टाई और एक अनिर्णित रहा।
#2
मुंबई इंडियंस - 36
इस सूची में मुंबई इंडियंस (MI) की टीम दूसरे पायदान पर है। उसने IPL 2008 से 2026 तक कुल 36 पारियों में 200 या उससे अधिक के स्कोर बनाए हैं। इस दौरान टीम को 26 मैचों में जीत मिली है, जबकि 9 में उसे हार झेलनी पड़ी है। इसी तरह एक मुकाबला टाई रहा है। इस दौरान टीम का सर्वोच्च स्कोर 247 रन रहा है। इन मुकाबलों में टीम की औसत रन रेट 10.91 की रही है।
#3
सनराइजर्स हैदराबाद - 34
इस सूची में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम तीसरे पायदान पर काबिज है। उसने IPL 2014 से 2026 तक कुल 34 पारियों में 200 या उससे अधिक के स्कोर बनाए हैं। इस दौरान टीम को 28 मैचों में जीत मिली है, जबकि 6 में उसे हार झेलनी पड़ी है। इस दौरान टीम का सर्वोच्च स्कोर 287 रन रहा है। इन मुकाबलों में टीम ने 11.40 की औसत रन रेट से रन बनाए हैं।
#4
कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स - 31
इस सूची में KKR और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीमें संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर हैं। दोनों टीमों ने IPL 2008 से 2026 तक कुल 31 पारियों में 200+ स्कोर बनाए हैं। इस दौरान KKR को 19 मैचों में जीत और 12 में हार मिली है। टीम का सर्वोच्च स्कोर 272 रन रहा है। RR को भी इन मुकाबलों में से 19 में जीत और 12 में हार मिली है। टीम का सर्वोच्च स्कोर 242 रन रहा है।