टी-20 विश्व कप 2026: वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और अन्य रोचक आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने वाला है। इस बार ये टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल सहित कुल 8 मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय टीम USA क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना पहला मुकाबला इसी मैदान पर खेलेगी। ऐसे में ये स्टेडियम टूर्नामेंट के लिहाज से बेहद खास होने वाला है। आइए इस स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और रोचक आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
आंकड़े
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसे हैं मैदान के आंकड़े
इस मैदान पर पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2012 में खेला गया था। अब तक यहां 9 मुकाबले खेले गए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 4 मैच जीते हैं, बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को 5 मैच में जीत मिली है। इस मैदान पर सबसे बड़ी पारी अभिषेक शर्मा (135 रन बनाम इंग्लैंड, 2025) ने खेली थी। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन शिवम मावी (4/22 बनाम श्रीलंका, 2023) का रहा है। टॉस जीतने वाली टीम को यहां फायदा होता है।
प्रदर्शन
वानखेड़े स्टेडियम के अन्य आंकड़े
वानखेड़े स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर भारतीय टीम (247/9 बनाम इंग्लैंड) के नाम है। यहां सबसे छोटा स्कोर इंग्लैंड (97 रन बनाम भारत) ने बनाया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैदान पर औसत स्कोर 197 रन का रहा है। इस मैदान पर विराट कोहली ने 3 मैच की 3 पारियों में सबसे ज्यादा 197 रन बनाए हैं। मोहम्मद शमी और काइल एबॉट ने यहां संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 5-5 विकेट लिए हैं।
पिच
कैसी रहेगी पिच की स्थिति?
वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां की पिच उन्हें काफी रास आती है। यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। दूसरी ओर एक गेंदबाज के दृष्टिकोण से पिच स्पिनरों को कुछ हद तक सहायता प्रदान करती है, लेकिन ज्यादा उम्मीद रखना बेमानी होगी। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर में मदद मिलती है, ऐसे में वह जल्दी विकेट लेना चाहेंगे। इस विश्व कप यहां बड़े स्कोर वाले मुकाबले देखने को मिलेंगे।
दर्शक
32,000 दर्शक मैच का आनंद ले सकते हैं
वानखेड़े स्टेडियम की स्थापना साल 1974 में हुई थी। यहां लगभग 32,000 दर्शक एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले सकते हैं। वानखेड़े स्टेडियम के स्टैंड्स का नाम मुंबई के दिग्गज क्रिकेटरों के नाम पर रखा गया है, जिनमें विजय मर्चेंट, सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर जैसे महान खिलाड़ी शामिल हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अभिषेक के अलावा क्रिस गेल (100* रन बनाम इंग्लैंड, 2016) ने इस मैदान पर शतक लगाया है।