टी-20 विश्व कप 2026: ईडन गार्डन स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और अन्य रोचक आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में मुकाबले खेले जाने हैं। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम 7 फरवरी को कोलकाता के इस ऐतिहासिक मैदान में आमने-सामने होंगी। इस संस्करण में कुल 6 मैच इस मैदान पर होने हैं। इससे पहले 2016 के टी-20 विश्व कप के मैच भी कोलकाता के मैदान पर खेले जा चुके हैं। आइए इस स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और रोचक आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
आंकड़े
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसे हैं मैदान के आंकड़े
इस मैदान पर पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2011 में हुआ था। अब तक यहां 12 मुकाबले खेले गए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 5 मैच जीते हैं, दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को 7 मैच में जीत मिली है। इस मैदान पर सबसे बड़ी पारी मार्लोन सैमुअल्स (85* रन बनाम इंग्लैंड, 2016) ने खेली थी। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन मुस्तफिजुर रहमान (5/22 बनाम न्यूजीलैंड, 2016) का रहा है।
पिच रिपोर्ट
कैसा है पिच का मिजाज?
ईडन गार्डन स्टेडियम में काली मिट्टी की पिच बनाई जाती है। टी-20 प्रारूप में यह पिच बल्लेबाजों को काफी रास आती है। खेल की शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। उसके बाद स्पिनर्स का काम आसान होता है। यहां की ऑउटफील्ड बहुत तेज है, जिससे बल्लेबाजों को ज्यादा रन बनाने के मौके मिलते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 142 रन है।
अन्य आंकड़े
ईडन गार्डन स्टेडियम के अन्य आंकड़े
ईडन गार्डन में सर्वोच्च टीम स्कोर का रिकॉर्ड पाकिस्तान (201/5 बनाम बांग्लादेश, 2016) के नाम पर दर्ज है। यहां पर न्यूनतम टीम स्कोर 70 रन है, जो 2016 में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। इस मैदान पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज निकोलस पूरन हैं। इस कैरेबियाई बल्लेबाज ने 3 पारियों में 184 रन बनाए हैं। भारत के हर्षल पटेल इस मैदान पर सर्वाधिक विकेट (7) लेने वाले गेंदबाज हैं।
आंकड़े
ऐसा है स्टेडियम का इतिहास
ईडन गार्डन स्टेडियम की स्थापना 1864 में हुई थी। इस मैदान का नाम कोलकाता के सबसे पुराने पार्क के नाम पर रखा गया है। लगभग 65,000 दर्शक क्षमता वाला यह स्टेडियम भारत का सबसे पुराना क्रिकेट स्टेडियम है। इस मैदान पर पहला टेस्ट मैच इंग्लैंड और भारत के बीच 1934 में खेला गया था। पहला वनडे मैच भारत और पाकिस्तान के बीच 1987 में और पहला टी-20 भारत और इंग्लैंड के बीच 2011 में खेला गया था।