Page Loader
सूर्यकुमार यादव ने इस साल टी-20 क्रिकेट में बनाए बड़े रिकार्ड्स, जानिए रोचक आंकड़े
सूर्यकुमार ने इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दो शतक जमाए (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

सूर्यकुमार यादव ने इस साल टी-20 क्रिकेट में बनाए बड़े रिकार्ड्स, जानिए रोचक आंकड़े

Nov 23, 2022
12:51 pm

क्या है खबर?

साल 2022 में भारतीय क्रिकेट में एक ऐसे 'सूर्य' का उदय हुआ, जिसकी चमक ने खेल के सारे समीकरण बदलकर रख दिए। यहां बात हो रही है विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की, जिन्होंने इस खेल में कदम तो पिछले साल ही रख दिया था, लेकिन उनका सर्वश्रेष्ठ अवतार इस साल सामने आया। अब भारत को इस साल कोई टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलना है, ऐसे में आइये जानते हैं इस साल सूर्यकुमार का टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कैसा प्रदर्शन रहा।

2022

इस साल जमकर गरजा सूर्यकुमार का बल्ला

इस समय सूर्यकुमार अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नजर आए। उन्होंने इस साल खेली 31 पारियों में 46.56 की औसत से 1,164 रन बनाए हैं। 187.43 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने इस साल दो शतक और नौ अर्धशतक जमाए। इस साल उनका उच्चतम स्कोर 117 रनों का रहा। 2022 में इस खेल के सबसे छोटे अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में सूर्यकुमार 1,000 रन बनाने वाले अकेले बल्लेबाज हैं।

जानकारी

2022 में अब तक सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाज

सूर्यकुमार (1,164), मोहम्मद रिजवान (996), विराट कोहली (781), बाबर आजम (735), सिकंदर रजा (735), ग्लेन फिलिप्स (716), पथुम निसानका (713), रोहित शर्मा (656), दीपेंद्र सिंह (626) और एंडी बालबर्नी (617)

चौके और छक्के

चौके और छक्कों में भी सूर्यकुमार का रहा दबदबा

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्यकुमार ने इस साल सबसे ज्यादा छक्के (68) लगाए हैं। पूर्ण-सदस्य टीम के खिलाड़ियों में वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल 39 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं अगर इस साल चौकों की बात करें तो भी सूर्यकुमार (106) इस रेस में भी आगे ही रहे हैं। दूसरे स्थान पर काबिज बाबर ने 83 चौके जमाए हैं। तीसरे नंबर पर उन्हीं की टीम के साथी खिलाड़ी रिजवान (78) का नाम है।

शतक

इस साल सूर्यकुमार कुमार ने जमाए ये दो तूफानी शतक

इस साल सूर्यकुमार ने इस फॉर्मेट में दो तूफानी शतक जमाकर सबका ध्यान खींचा। जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 212.72 की स्ट्राइक रेट से 55 गेंदों में 117 रन बनाए थे। उस पारी में उन्होंने 14 चौके और छह छक्के जमाए थे। सूर्यकुमार का दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 में आया। उन्होंने 217.64 की स्ट्राइक रेट से 51 गेंदों में 111* रन बनाए थे। इस पारी में उनके बल्ले 11 चौके और सात छक्के निकले।

रिकॉर्ड

सूर्यकुमार ने इस साल कायम किए ये खास रिकॉर्ड

इस साल सूर्यकुमार ने कई शानदार रिकॉर्ड भी कायम किए। वे इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा 50 से अधिक की पारियां (11) खेलने वाले बल्लेबाज बने। इसी फॉर्मेट में एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक अर्धशतक (9) जमाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी सूर्यकुमार दूसरे नंबर पर आ गए। इस सूची में पहले नंबर पर पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रिजवान हैं, जिन्होंने 2021 में 12 टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक जमाए थे।

अन्य रिकॉर्ड्स

इस साल सूर्यकुमार ने लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी

इसी साल सूर्यकुमार ऐसे तीसरे भारतीय खिलाड़ी बने जिनके नाम इस फॉर्मेट में दो या उससे अधिक शतक दर्ज हुए। भारतीयों में रोहित (4) और केएल राहुल (2) ये कारनामा कर चुके हैं। इसी साल सूर्यकुमार ने भारत की ओर से तीसरा सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक (49 गेंद) जमाने का गौरव भी हासिल किया। इस फॉर्मेट में भारत की ओर से सबसे तेज शतक रोहित (35 गेंद) ने जमाया है। दूसरे नंबर पर राहुल (46 गेंद) का नाम है।

उपलब्धि

सूर्यकुमार ने हासिल की ये खास उपलब्धि

सूर्यकुमार इसी साल गैर सलामी बल्लेबाज के रूप में 1,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने। डेथ ओवरों (16-20) में सूर्यकुमार का स्ट्राइक रेट 260.90 का रहा, जो सभी बल्लेबाज में सबसे ज्यादा है। पूर्ण सदस्य राष्ट्रों के किसी अन्य बल्लेबाज का स्ट्राइक रेट 200 का भी नहीं है। (न्यूनतम 100 गेंद) 2022 में पूर्ण सदस्य राष्ट्रों में सूर्यकुमार का स्ट्राइक रेट (187.43) सबसे ज्यादा है। (2022 में कम से कम 100 रन)

कीर्तिमान

एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टी-20 रन बनाने वाले भारतीय

एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टी-20 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में सूर्यकुमार दूसरे नंबर पर आ गए हैं। इसमें टी-20 अंतरराष्ट्रीय और अन्य टी-20 मैच शामिल हैं। 1,614 रन: विराट कोहली (2016 में 29 पारियां) 1,503 रन: सूर्यकुमार यादव (2022 में 41 पारियां) 1,264 रन: श्रेयस अय्यर (2019 में 42 पारियां) 1,262 रन: केएल राहुल (2019 में 31 पारियां) 1,209 रन: ऋषभ पंत (2018 में 31 पारियां)

आंकड़े

ऐसा है सूर्यकुमार का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

32 साल के सूर्यकुमार ने अब तक अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 42 मैच खेले हैं। 40 पारियों में उन्होंने 44.00 की औसत और 180.97 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,408 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर 117 रनों का है। साल 2021 में इस भारतीय बल्लेबाज ने 11 मैच खेले थे, जिसमें 34.85 की औसत और 155.41 की स्ट्राइक रेट से 244 रन बनाए थे। पिछले साल वे तीन अर्धशतक जमा पाए थे।