SRH बनाम KKR: अंगकृष रघुवंशी ने खेली अपनी सर्वोच्च पारी, पूरे किए 1,000 टी-20 रन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 45वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (59) खेली। यह उनके IPL करियर का 5वां और SRH के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 39 गेंदों पर पूर किया। उनकी पारी की बदौलत KKR टीम मैच में 166 रन का लक्ष्य हासिल करने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही रघुवंशी की पारी और साझेदारी?
KKR को 166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 49 रन पर पहला झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए रघुवंशी ने कप्तान अजिंक्य रहाणे (43) के साथ पारी को आगे बढ़ाया और टीम को मजबूती दी। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 84 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान रघुवंशी ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। वह पारी में 47 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों से 59 रन बनाकर आउट हुए।
करियर
कैसा रहा है रघुवंशी का IPL करियर?
रघुवंशी ने साल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ IPL डेब्यू किया था। वह अब तक 31 मुकाबलाें की 27 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 30.46 की औसत से 731 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 141.94 की रही है। उन्होंने 5 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर इसी मैच में आया है। IPL 2026 में वह 9 मैचों में 37 की औसत से 259 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उपलब्धि
रघुवंशी ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 1,000 रन
इस पारी के दौरान रघुवंशी के नाम एक खास उपलब्धि भी दर्ज हो गई। पारी का 57वां रन बनाते ही उनके टी-20 क्रिकेट में 1,000 रन भी पूरे हो गए। उनके अब 46 मैच की 42 पारियों में 27 की औसत और 136 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,002 रन हो गए हैं। वह अब तक 5 अर्धशतक जड़ चुके हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर इस मैच में आया है। वह 6 बार नाबाद भी रहे हैं।