श्री चरणी बनी महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय की नंबर एक गेंदबाज, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ICC की नवीनतम महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में नंबर एक गेंदबाज बन गई हैं। आंध्र प्रदेश की 21 वर्षीय इस गेंदबाज ने अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के एक साल बाद यह उपलब्धि हासिल की है। 753 रेटिंग अंकों के साथ तेजी से आगे बढ़ते हुए उन्होंने मंगलवार को इंग्लैंड की लिन्से स्मिथ को पीछे छोड़ दिया है। चरणी का नंबर एक गेंदबाज बनना भारतीय महिला क्रिकेट लिए बड़ी उपलब्धि है।
वर्चस्व
चरणी ने खत्म किया इंग्लैंड की स्पिनरों का वर्चस्व
चरणी ने ICC रैंकिंग में लंबे समय से चले आ रहे इंग्लैंड की स्पिनरों के वर्चस्व को खत्म कर दिया है। टूर्नामेंट की धीमी शुरुआत के बाद स्मिथ (726 रेटिंग अंक) के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई हैं, जबकि उनकी साथी खिलाड़ी चार्ली डीन 733 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। पूर्व विश्व नंबर-1 सोफी एक्लेस्टोन (722) भी दौड़ में हैं और रैंकिंग में 4 स्थान ऊपर चढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं।
दबदबा
चरणी ने मौजूदा महिला टी-20 विश्व कप में भी बनाया दबदबा
चरणी ने इंग्लैंड में चल रहे महिला टी-20 विश्व कप 2026 में भी अपना दबदबा बनाए रखा है। वह सिर्फ 3 मैचों में 10 विकेट लेकर टूर्नामेंट की अग्रणी गेंदबाज हैं। उनकी इकॉनमी 5.33 है। लीड्स में नीदरलैंड्स के खिलाफ सिर्फ 12 रन देकर 4 विकेट लेने के बाद शीर्ष रैंकिंग में उनका स्थान और भी मजबूत हो गया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 विकेट की शानदार गेंदबाजी ने रैंकिंग में उनकी शीर्ष स्थिति को और भी मजबूत बना दिया।
करियर
कैसा रहा है चरणी का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
चरणी ने साल 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 23 मैच खेले हैं, जिसकी 23 पारियों में 16.55 की औसत और 7.32 की इकॉनमी से 38 विकेट लेने में सफल रही हैं। इस दौरान उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल भी लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/12 का रहा है। इसी तरह वह 21 वनडे मैचों में भी 27 विकेट चटकाने में सफल रहीं हैं।