LOADING...
सरफराज खान अस्पताल में भर्ती, रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल से पहले मुंबई को लगा झटका
सरफराज खान रणजी ट्रॉफी का क्वार्टर फाइनल मुकाबला नहीं खेलेंगे (फाइल तस्वीर)

सरफराज खान अस्पताल में भर्ती, रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल से पहले मुंबई को लगा झटका

Feb 05, 2026
12:47 pm

क्या है खबर?

मुंबई क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान को वायरल बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसे में शुक्रवार से मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) पर कर्नाटक क्रिकेट टीम के खिलाफ शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल में उनका खेलना संदिग्ध है। बुधवार को सरफराज मुंबई टीम के साथ मौजूद थे, जब दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने खिलाड़ियों के साथ खास संवाद सत्र आयोजित किया था। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

सूत्र

दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में फील्डिंग नहीं कर पाए थे सरफराज 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सरफराज को वायरल बुखार है, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत ठीक नहीं है, इसी वजह से वह दिल्ली के खिलाफ मुंबई के पिछले मैच में फील्डिंग के लिए भी मैदान पर नहीं उतर सके थे। यह साफ नहीं है कि वह कर्नाटक के खिलाफ मुकाबले से पहले फिट होंगे या नहीं। हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे सरफराज ने दिल्ली के खिलाफ पहली पारी में 24 रन बनाए थे।

झटका

मुंबई को लग सकता है बड़ा झटका

सरफराज की गैरमौजूदगी मुंबई टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। इस खिलाड़ी ने शानदार फॉर्म को आगे बढ़ाते हुए लीग चरण में हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद में 219 गेंदों पर 227 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। 28 वर्षीय सरफराज ने इसी पारी के दौरान प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 5,000 रन भी पूरे किए थे, जिससे उनकी अहमियत और प्रदर्शन दोनों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Advertisement

पिता

सरफराज के पिता ने क्या कहा?

सरफराज के पिता नौशाद खान ने कहा, "मैं आज अस्पताल जाकर उसकी हालत देखूंगा। उसे कल हल्के बुखार के कारण भर्ती कराया गया था।" बता दें, सरफराज को बुधवार को अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन उनके ठीक होने में करीब 3-4 दिन लग सकते हैं, जिससे कर्नाटक के खिलाफ अहम मुकाबले में उनका खेलना लगभग तय तौर पर मुश्किल है। सरफराज की जगह मुशीर खान के खेलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Advertisement