भारत बनाम इंग्लैंड: कंधे में समस्या के कारण अंतिम टेस्ट नहीं खेल रहे हैं जोफ्रा ऑर्चर
क्या है खबर?
अहमदाबाद में भारत के खिलाफ चल रहे अंतिम टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। डे-नाइट टेस्ट में खेलने वाले तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड और जोफ्रा ऑर्चर दोनों को अंतिम टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है।
हालांकि, अब इंग्लैंड एंड वेल्श क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपडेट देते हुए बताया है कि ऑर्चर कंधे में समस्या के कारण अंतिम टेस्ट से बाहर हुए हैं।
बयान
कंधे की समस्या के कारण नहीं खेल रहे ऑर्चर- ECB प्रवक्ता
ECB के प्रवक्ता के अनुसार, "जोफ्रा ऑर्चर इस टेस्ट में अपनी वर्तमान दाएं कंधे की समस्या के कारण नहीं खेल रहे हैं। ECB की मेडिकल टीम उचित समय में आगे की अपडेट देगी।"
12 मार्च से अहमदाबाद में ही शुरु होने जा रही टी-20 सीरीज के लिए ऑर्चर की उपलब्धता पर भी अब संशय होने लगा है। इसके अलावा उनकी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स की धड़कने भी बढ़ी होंगी।
दूसरा टेस्ट
कंधे के कारण ही ऑर्चर ने मिस किया था दूसरा टेस्ट
दौरे के पहले टेस्ट में ही ऑर्चर असहज दिखाई दिए थे और उन्होंने बेहद ओवर की गेंदबाजी की थी। इसके बाद उनकी दाहिनी कोहनी में इंजेक्शन लगाया गया था। इंजेक्शन लगने के कारण वह दूसरा टेस्ट नहीं खेल सके थे।
हालांकि, डे-नाइट टेस्ट के लिए उन्होंने टीम में वापसी की थी। एक बार फिर कंधे की समस्या के कारण टीम से बाहर होना ECB को गंभीर संकेत दे रही होगी।
स्ट्रेस फ्रैक्चर
पिछले साल ही जोफ्रा की कोहनी में हुआ था स्ट्रेस फ्रैक्चर
विश्व कप 2019 से पहले से लगातार शानदार फॉर्म में चल रहे जोफ्रा को अंततः चोट के कारण रुकना पड़ा था। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका दौरे पर चार टेस्ट मैचों की सीरीज़ के पहले ही मैच में जोफ्रा चोटिल हो गए थे। उनकी कोहनी में स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ था।
यदि IPL स्थगित होकर दोबारा शेड्यूल नहीं हुई होती तो जोफ्रा IPL 2020 में नहीं खेल सके होते। कोरोना ब्रेक ने भी उन्हें उबरने का मौका दिया था।
अंतिम टेस्ट
अंतिम टेस्ट के पहले दिन ही सिमट गई इंग्लैंड
चौथे टेस्ट में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड 205 के स्कोर पर सिमट गई थी। बेन स्टोक्स (55) ने अपनी टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाए। भारत के लिए अक्षर पटेल ने सबसे अधिक चार विकेट हासिल किए हैं।
जवाब में बल्लेबाजी करते हुए भारत ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट के नुकसान पर 24 रन बना लिए हैं। पुजारा (15*) और रोहित (8*) क्रीज पर सुरक्षित हैं।