Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड, चौथा टेस्ट: पहले दिन की महत्वपूर्ण चीजों पर एक नजर

भारत बनाम इंग्लैंड, चौथा टेस्ट: पहले दिन की महत्वपूर्ण चीजों पर एक नजर

Mar 04, 2021
05:13 pm

क्या है खबर?

अहमदाबाद में खेले जा रहे चौथे टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 24/1 स्कोर बना लिया है। युवा शुभमन गिल आउट होने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी रहे। दिन का खेल खत्म होने तक पुजारा (15*) और रोहित (8*) क्रीज पर सुरक्षित हैं। इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी सिर्फ 205 रनों पर ही सिमट गई थी। आइए पहले दिन की महत्वपूर्ण बातों पर एक नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने किया निराश

इंग्लिश कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल नजर आ रही पिच पर इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने निराश किया। पहले सत्र में ही इंग्लैंड ने चोटी के तीन बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। इस बीच सिबली, क्रौली और रूट सस्ते में सिमट गए। इसके बाद भी इंग्लैंड ने नियमित अंतराल में विकेट खोए। लड़खड़ाती हुई पारी के बीच स्टोक्स (55) और लॉरेंस (46) ने कुछ संघर्ष दिखाया।

बेन स्टोक्स

स्टोक्स ने लगाया अर्धशतक, बनाई साझेदारी

लगातार विकेटों के गिरने के बीच मध्यक्रम में बेन स्टोक्स ने संघर्ष दिखाया और अपने टेस्ट करियर का 24वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 121 गेंदों में छह चौके और दो छक्के की मदद से 55 रनों की जुझारू पारी खेली। स्टोक्स ने बेयरस्टो के साथ मिलकर चौथे विकेट लिए 48 रनो की साझेदारी की। इसके अलावा उन्होंने पोप के साथ पांचवे विकेट के लिए 43 रन जोड़े और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।

जॉनी बेयरस्टो

भारत के खिलाफ बेयरस्टो का खराब फॉर्म जारी

पहली पारी में 28 रन पर आउट होने के बाद इंग्लैंड के बल्लेबाज बेयरस्टो ने अपना खराब प्रदर्शन जारी रखा। वह भारत के खिलाफ अपनी पिछली नौ पारियों में केवल 67 रन ही बना सके हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने इन पारियों में एक भी 30+ स्कोर दर्ज नहीं किया है और पांच बार शून्य पर आउट हुए हैं। उनके भारत के खिलाफ अंतिम नौ स्कोर 15, 0, 6, 0, 0, 18, 0, 0, 28 रहे हैं।

गेंदबाजी

फिर चमकी अक्षर और अश्विन की जोड़ी

पूरी सीरीज में कमाल का प्रदर्शन करने वाले अक्षर पटेल ने पहले दिन भी उम्दा गेंदबाजी की और इंग्लिश टीम को सस्ते में समेटने में अहम योगदान दिया। बाएं हाथ के अक्षर ने 26 ओवर में 68 रन देकर चार विकेट हासिल किए। उनके अलावा अनुभवी अश्विन ने 19.5 ओवरों में 47 रन देकर तीन विकेट झटक लिए। दूसरी तरफ मोहम्मद सिराज ने दो और वाशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया।

शुभमन गिल

शून्य पर आउट हुए गिल

भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल फॉर्म से जूझते नजर आ रहे हैं। उन्हें 0 के स्कोर पर अपने पहले ओवर में ही जेम्स एंडरसन ने LBW आउट कर दिया। पिछली पांच पारियों में उनके स्कोर 0, 14, 11, 15* और 0 रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बल्ले से प्रभावित करने वाले गिल इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। उन्होंने अब तक सीरीज में इकलौता अर्धशतक (50) पहले चेन्नई टेस्ट में लगाया था।