विराट कोहली के संन्यास की आशंकाओं को RCB के CEO ने किया खारिज, दिया अहम बयान
क्या है खबर?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। इसके बाद कोहली के IPL से संन्यास लेने की अटकलें तेज हो गई थी, जिससे क्रिकेट जगत में खलबली मच गई। अब RCB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) राजेश मेनन ने इन अटकलों को खारिज कर दिया है और बताया कि कोहली कब तक खेलते रहेंगे।
बयान
RCB के CEO ने क्या दिया बयान?
RCB के CEO मेनन ने CNBC टीवी18 से कहा, "RCB और कोहली एक सिक्के के दो पहलू हैं। वह RCB के लिए हमेशा से अहम खिलाड़ी रहे हैं। हमने कभी उनके बीच RCB की कल्पना नहीं की है, भले ही वह क्रिकेट से संन्यास ले लें। हमें इसका हल निकालना होगा।" उन्होंने कहा, "मुझे यकीन है कि वह अगले 3-4 साल तक खेलते रहेंगे... कम से कम 4 साल। वह फिट हैं, उनमें खेलने की भूख कभी खत्म नहीं होती।"
ऊर्जा
मेनन ने कोहली की ऊर्जा और प्रदर्शन को उजागर किया
मेनन ने कोहली को अगले 4 वर्षों तक RCB के लिए खेलते रहने का समर्थन किया और उनकी फिटनेस, खेल के प्रति जुनून और करियर के अंतिम चरण में होने के बावजूद उनके प्रभावशाली प्रदर्शन की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, "आपने इस IPL सीजन में उनकी ऊर्जा, रन, रवैया... सब कुछ देखा। वह अभी 3-4 साल साल तक और खेलना जारी रखेंगे। इसमें कोई दिक्कत नहीं है और वह टीम की प्रमुख जरूरत भी हैं।"
अटकलें
कैसे उठी कोहली के संन्यास की अटकलें?
IPL 2026 के बाद एक अफवाह उड़ी थी कि कोहली ने RCB से जुड़े एक व्यावसायिक अनुबंध को आगे बढ़ाने से मना कर दिया है। हालांकि, विशेषज्ञों और पूर्व क्रिकेटरों ने साफ किया है कि यह कोई 'प्लेयर कॉन्ट्रैक्ट' (खेलने का अनुबंध) नहीं, बल्कि एक सामान्य विज्ञापन करार था, जिसका उनके IPL खेलने से कोई लेना-देना नहीं है। अब RCB के CEO ने भी अपने बयान से इन सभी अटकलों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
अहमियत
RCB का अभिन्न हिस्सा हैं कोहली
कोहली शुरू से RCB का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उन्होंने RCB के लिए सभी 19 सीजन खेले हैं। कोहली कई बार टीम बदलने की खबरों को खारिज कर चुके हैं। IPL 2025 में RCB ने अपना पहला खिताब जीतकर कोहली के वर्षों के निराशा भरे सपने को साकार किया। इसके बाद RCB इस बार अपने खिताब का बचाव करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बाद लगातार 2 खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई।
प्रदर्शन
IPL 2026 में कैसा रहा कोहली का प्रदर्शन?
IPL 2026 में कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने RCB को लगातार दूसरा खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए, जो टीम के लिए सबसे ज्यादा थे। इस सीजन उनकी स्ट्राइक रेट 165.84 रहा, जो उनके आईपीएल करियर में एक सीजन की सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट है। उन्होंने फाइनल में नाबाद 75 रन बनाकर RCB को लगातार दूसरी बार खिताब जीतने और इतिहास रचने में मदद की।