महिला टी-20 विश्व कप 2026: पाकिस्तान का शर्मनाक प्रदर्शन, लगातार चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया से हारी
क्या है खबर?
महिला टी-20 विश्व कप 2026 के 21वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को 113 रनों से हरा दिया। ये इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की लगातार चौथी हार रही। इससे पहले उसे भारत, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश ने हराया था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की है। इससे पहले उन्होंने नीदरलैंड, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका को हराया था। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए एलिस पेरी ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 71 रन बना दिए। उनके अलावा जॉर्जिया वोल ने 39 रन की पारी खेली। टीम ने 20 ओवर में 199/7 का स्कोर बनाया। जवाब में पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करते हुए बड़ी पारी नहीं खेल पाया और 13.4 ओवर में टीम सिर्फ 86 रन ही बना पाई। ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पारी
ऐसी रही पेरी की पारी और साझेदारी
पेरी ने 48 गेंदों का सामना किया और 71 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और एक छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 147.92 की रही। इस खिलाड़ी ने जॉर्जिया के साथ 56 गेंदों में 100 रन की साझेदारी निभाई। एनाबेल सदरलैंड के साथ उन्होंने 33 गेंदों में 44 रन जोड़े। टी-20 विश्व कप में पेरी का यह पहला ही अर्धशतक रहा। गेंदबाजी में भी इस खिलाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन कर 2 विकेट लिए।
रिकॉर्ड
10वें विश्व कप में पेरी ने अपना पहला अर्धशतक लगाया
पेरी ने पहला विश्व कप 2009 में खेला था। ये उनके करियर का 10वां टी-20 विश्व कप है और उन्होंने अपना पहला ही पचासा जड़ा। उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में 51 मुकाबले खेले हैं और इसकी 34 पारियों में 30 की औसत और 117.97 की स्ट्राइक रेट से 630 रन बनाने में सफल रहीं हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर इसी मुकाबले में आया। कुल 178 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 121 पारियों में उन्होंने 30.68 की औसत से 2,424 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी
ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों का कमाल
ऑस्ट्रेलिया के लिए पेरी, कप्तान सोफी मोलिन्यू और सदरलैंड ने 2-2 विकेट चटकाए। वहीं, जॉर्जिया वेयरहैम ने एक विकेट अपने नाम किया। पाकिस्तान के 3 बल्लेबाज रन आउट हुए। कप्तान सोफी ने 2 ओवर में केवल 6 रन खर्च कर ये विकेट चटकाए। वहीं, सदरलैंड ने 1.4 ओवर में 12 रन देकर 2 विकेट लिए। पेरी ने एक ही ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वेयरहैम ने 2 ओवर में एक मेडन डाला और 2 रन दिए।