LOADING...
ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलेगा भारत में जन्मा ये क्रिकेटर, बांग्लादेश के खिलाफ मिला मौका
निखिल चौधरी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए नजर आएंगे

ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलेगा भारत में जन्मा ये क्रिकेटर, बांग्लादेश के खिलाफ मिला मौका

Jun 11, 2026
12:28 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर निखिल चौधरी को बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह 60 साल से अधिक समय में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले पहले भारत में जन्मे पुरुष क्रिकेटर बन जाएंगे। ट्रेविस हेड को व्यक्तिगत कारणों से अवकाश दिया गया है, जिसके चलते वह बांग्लादेश दौरे से बाहर हो गए हैं। उनकी गैरमौजूदगी में निखिल को मौका मिला है।

मौका

भारतीय मूल के ये खिलाड़ी रहे हैं ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा 

ऑस्ट्रेलिया के लिए गुरिंदर संधू और तनवीर संघा जैसे भारतीय मूल के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं, लेकिन उनका जन्म भारत में नहीं हुआ था। आखिरी बार गुजरात में जन्मे लेग स्पिनर रेक्स सेलर्स ने 1964 में ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। वहीं, पुणे में जन्मीं लिसा स्थालेकर ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी रहीं हैं। ऐसे में निखिल के पास 60 साल पुराना इतिहास बदलने का सुनहरा मौका है।

सफर

ऐसा रहा निखिल का सफर

दिल्ली में जन्मे निखिल ऑस्ट्रेलिया के नागरिक नहीं हैं, लेकिन स्थायी निवासी होने के कारण ICC के नियमों के तहत वहां की टीम के लिए खेलने के पात्र हैं। वह पंजाब के लिए 14 सीमित ओवर मैच खेल चुके हैं, जहां उन्होंने हरभजन सिंह, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था। कोरोना महामारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया में फंसने के बाद उन्होंने वहीं क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाया।

Advertisement

नौकरी

निखिल ने कई नौकरियां भी की 

ऑस्ट्रेलिया में संघर्ष के दिनों में निखिल ने कई तरह की नौकरियां कीं। एक समय वह मैक्सिकन रेस्तरां में काम करते थे, जहां काम के दौरान उनकी उंगली भी कट गई थी। इसके बाद उन्होंने पार्सल पहुंचाने का काम किया। हालांकि, उन्होंने क्रिकेट का सपना नहीं छोड़ा। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेम्स होप्स की सिफारिश पर उन्हें बिग बैश लीग (BBL) फ्रेंचाइजी होबार्ट हरिकेन्स में मौका मिला, जिसने उनके करियर को नई दिशा दी और सबकुछ बदल गया।

Advertisement

जानकारी

ऐसा रहा है निखिल का टी-20 करियर 

निखिल ने 48 टी-20 की 41 पारियों में 24.14 की औसत और 137.84 की स्ट्राइक रेट से 845 रन बनाए हैं। उन्होंने 2 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 79 रन है। गेंदबाजी में उन्होंने 36.75 की औसत से 16 विकेट लिए हैं।

टीम

ऐसी है बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम 

ऑस्ट्रेलिया की टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, निखिल चौधरी, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, आरोन हार्डी, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ और एडम जैम्पा। सीरीज का पहला टी-20 मुकाबला 17 जून को खेला जाएगा। दूसरा मैच 19 जून और आखिरी मुकाबला 21 जून को होगा। ये सभी मैच चट्टोग्राम में खेले जाएंगे।

Advertisement