Page Loader
CSK बनाम MI: नेहल वढेरा ने IPL में लगाया अपना पहला अर्धशतक, जानिए आंकड़े 
नेहल वढेरा ने IPL में लगाया अपना पहला अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

CSK बनाम MI: नेहल वढेरा ने IPL में लगाया अपना पहला अर्धशतक, जानिए आंकड़े 

May 06, 2023
05:45 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 49वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के नेहल वढेरा ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ शानदार अर्धशतक (64) लगाया है। यह उनके IPL करियर का पहला अर्धशतक रहा। उनकी पारी के बावजूद MI की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 139/8 का स्कोर ही बना सकी। उनके अलावा MI के ज्यादातर बल्लेबाजों ने निराश किया। आइए उनकी पारी और IPL के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही वढेरा की पारी 

जब MI ने पारी के तीसरे ओवर के दौरान कप्तान रोहित का विकेट खोया था, तब वढेरा बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने शुरुआत में धीमे अंदाज में बल्लेबाजी की और 46 गेंदों में अपने IPL करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 55 और ट्रिस्टन स्टब्स (20) के साथ 54 रन की साझेदारी की। वह 51 गेंद में 8 चौके और 1 छक्के की बदौलत 64 रन बनाकर आउट हुए।

IPL करियर 

इसी सीजन में वढेरा ने IPL में किया था अपना डेब्यू 

बाएं हाथ के बल्लेबाज वढेरा ने इसी सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ अपना IPL डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 8 मैच खेले हैं, जिसमें 26.20 की औसत और 145.56 की स्ट्राइक रेट से 131 रन बना लिए हैं। उन्हें टी-20 क्रिकेट खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं है। वह दाएं हाथ से लेग ब्रेक गेंदबाजी भी कर लेते हैं। हालांकि, उन्हें अब तक IPL में गेंदबाजी का मौका नहीं मिला है।

लेखा-जोखा 

MI ने दिया 140 का लक्ष्य 

एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में MI ने 20 ओवरों के बाद 139/8 का स्कोर बनाया है। MI से वढेरा के अलावा सूर्यकुमार ने 26 रन का योगदान दिया है। CSK से मथीशा पथिराना सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपने 4 ओवरों में 15 रन देते हुए 3 विकेट लिए। उनके अलावा तुषार देशपांडे और दीपक चाहर ने भी 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया है।