Page Loader
IPL 2023: MI ने RCB को हराया, अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंची 
सूर्यकुमार ने खेली 83 रन की पारी (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: MI ने RCB को हराया, अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंची 

May 09, 2023
11:13 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 54वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को 6 विकेट से हराकर अपनी छठी जीत दर्ज की है। वानखेड़े स्टेडियम में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्लेन मैक्सवेल (68) और फाफ डु प्लेसिस (65) के अर्धशतकों की मदद से 199/6 का स्कोर बनाया। जवाब में MI ने सूर्यकुमार यादव की पारी (83) की बदौलत 17वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। मैच में बने रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं।

लेखा-जोखा 

ऐसा रहा रोचक मुकाबला 

RCB ने 13 के स्कोर तक विराट कोहली और अनुज रावत के विकेट खो दिए। मुश्किल घड़ी में मैक्सवेल और डु प्लेसिस ने 120 रन की साझेदारी की। अंत में दिनेश कार्तिक ने 18 गेंद में 30 रन बनाकर RCB को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। MI से जेसन बेहरेनडॉर्फ ने 3 विकेट लिए। जवाब में MI से ईशान किशन ने 21 गेंद में 42 रन की पारी खेली। इसके बाद सूर्यकुमार और वढेरा ने शतकीय साझेदारी करके जीत दिला दी।

मैक्सवेल 

मैक्सवेल ने इस सीजन में लगाया चौथा अर्धशतक 

RCB ने अपनी पारी के दौरान जब 16 के स्कोर पर दूसरा विकेट खोया, तब मैक्सवेल बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी की और महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह मौजूदा सीजन में उनका चौथा अर्धशतक है। उन्होंने 33 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 68 रन की पारी खेली। IPL 2023 में उन्होंने 186.44 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बना लिए हैं।

डु प्लेसिस 

डु प्लेसिस ने इस सीजन में लगाया अपना छठा अर्धशतक 

पारी की शुरुआत करने आए डु प्लेसिस को पहले ओवर के दौरान ही जीवनदान मिल गया। जेसन बेहरेनडॉर्फ के ओवर की चौथी गेंद पर नेहल वढेरा ने उनका कैच छोड़ दिया। उन्होंने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उम्दा बल्लेबाजी कर रहे डु प्लेसिस 41 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुए। अब तक उन्होंने IPL 2023 की 11 पारियों में 57.60 की अविश्वसनीय औसत से 576 रन बना लिए हैं।

RCB 

RCB से 1,000 IPL रन बनाने वाले छठे खिलाड़ी बने डु प्लेसिस 

आज की पारी के दौरान उन्होंने RCB की ओर से अपने 1,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। RCB के लिए उनके अब 43.50 की औसत से 1,044 रन हो गए हैं। वह अब कोहली (7,044), एबी डिविलियर्स (4,491), क्रिस गेल (3,163), जैक्स कैलिस (1,132) और ग्लेन मैक्सवेल (1,144) की सूची में शामिल हो गए हैं। उन्होंने पिछले सीजन में RCB की ओर से सबसे ज्यादा 468 रन बनाए थे।

रोहित 

रोहित का निराशाजनक प्रदर्शन जारी 

MI के कप्तान रोहित शर्मा का खराब प्रदर्शन जारी है। वह आज सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए हैं । मौजूदा सीजन में रोहित लगातार अपनी पांचवी पारी में दहाई का आंकड़ा छूने में नाकाम रहे हैं। IPL 2023 में उनके पिछले 5 स्कोर क्रमशः 7, 0, 0, 3 और 2 हैं। इस सीजन में उन्होंने अब तक 11 पारियों में 17.36 की औसत से 191 रन बना लिए हैं।

सूर्यकुमार 

सूर्यकुमार और वढेरा ने खेली शानदार पारियां 

सूर्यकुमार ने अपने मौजूदा सीजन का चौथा अर्धशतक लगाया। उन्हें दूसरे छोर से वढेरा का अच्छा साथ मिला। इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 140 रन की साझेदारी करके MI की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने महज 35 गेंदों में 7 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 83 रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने अपने IPL करियर में 3,000 रन भी पूरे किए हैं। वढेरा ने 34 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए।

अंक तालिका 

अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंची MI 

MI ने RCB को हराकर अपनी छठी जीत दर्ज की है। उनके अब 12 अंक (-0.255) हो गए हैं और अंक तालिका में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। दूसरी तरफ आज अपनी छठी शिकस्त झेलने वाली RCB अब खिसककर सातवें स्थान पर पहुंच गई है। फिलहाल 11 में से 5 जीत के साथ उनके 10 अंक (-0.345) हैं। अब तक 8 जीत दर्ज कर चुकी गुजरात टाइटंस (GT) की टीम ने शीर्ष पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।