इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज और उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज एक जुलाई से होगा। इसके लिए दोनों टीमों ने अपने-अपने टीमों का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ कई भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन इस प्रारूप में शानदार रहा है। उन्होंने जमकर रन बनाए और कई बार टीम को यादगार जीत दिलाई। ऐसे में आइए जानते हैं कि टी-20 क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज कौन हैं?
#1
विराट कोहली (648 रन)
पहले स्थान पर भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं, जो टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टी-20 मुकाबला 2011 में खेला था, जबकि आखिरी बार 2024 में इस टीम के खिलाफ मैदान पर उतरे थे। कोहली ने 21 मैचों की 21 पारियों में 38.11 की औसत और 135 की स्ट्राइक रेट से 648 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 80 रन रहा।
#2
रोहित शर्मा (467 रन)
इस सूची में दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं। वो भी टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ इस प्रारूप में कई यादगार पारियां खेली हैं। उन्होंने कुल 16 मैचों की 15 पारियों में 35.92 की औसत और 139.82 की स्ट्राइक रेट से 467 रन बनाए थे। उनके बल्ले से एक शतक और 3 अर्धशतक निकले थे। इंग्लैंड के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 100 रन रहा था।
#3
हार्दक पांड्या (441 रन)
तीसरे स्थान पर भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में कई विस्फोटक पारियां खेली हैं और निचले क्रम में टीम के लिए अहम योगदान दिया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 21 मैचों की 19 पारियों में 441 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी औसत 29.40 की रही है। उन्होंने 151.54 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। हार्दिक के बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं, उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 63 रन रहा है।
#4
सूर्यकुमार यादव (360 रन)
चौथे स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ कई यादगार पारियां खेली हैं। टी-20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार ने इस टीम के खिलाफ अपना पहला मुकाबला 2021 में खेला था। तब से अब तक वह 14 मैचों की 13 पारियों में 27.69 की औसत और 172.24 की शानदार स्ट्राइक रेट से 360 रन बना चुके हैं। उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन रहा है।