LOADING...
मित्तल परिवार और अदार पूनावाला ने 15,660 करोड़ रुपये में खरीदी राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी 
राजस्थान रॉयल्स की टीम को नए मालिक मिले हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

मित्तल परिवार और अदार पूनावाला ने 15,660 करोड़ रुपये में खरीदी राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी 

May 03, 2026
03:11 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) को उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल और आदित्य मित्तल ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर खरीद लिया है। उन्होंने करीब 15,660 करोड़ रुपये में फ्रेंचाइजी अपने नाम की है। अब मित्तल परिवार के पास RR की लगभग 75 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि पूनावाला करीब 18% हिस्सेदारी के साथ साझेदार बने रहेंगे। वहीं, बाकी 7% हिस्सेदारी मनोज बडाले और अन्य मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी। आइए पूरी खबर पर एक नजर डालते हैं।

टीम

पुराने मालिक टीम से जुड़े रहेंगे 

RR के मौजूदा मालिक बडाले फ्रेंचाइजी से जुड़े रहेंगे और पुराने तथा नए प्रबंधन के बीच अहम कड़ी की भूमिका निभाएंगे। क्रिकेट की उनकी गहरी समझ और लंबे अनुभव का फायदा टीम को आगे भी मिलता रहेगा। RR के अलावा फ्रेंचाइजी के पास दक्षिण अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग की बारबाडोस रॉयल्स टीम भी है। यह डील BCCI, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) और IPL गवर्निंग काउंसिल समेत अन्य नियामक संस्थाओं की मंजूरी के बाद पूरी होगी।

बयान

पूनावाला ने कही ये बात 

पूनावाला ने भी इस निवेश को लेकर उत्साह जताया और RR को IPL की सबसे प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि वह टीम की लगातार प्रगति और लंबे समय तक सफलता में योगदान देने को लेकर उत्साहित हैं। इसे IPL इतिहास के सबसे बड़े सौदे के रूप में देखा जा रहा है, जो दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग से जुड़ी प्रीमियम खेल संपत्तियों की लगातार बढ़ती कीमत और लोकप्रियता को दर्शाता है।

Advertisement

RR

लक्ष्मी मित्तल ने कही ये बात 

लक्ष्मी मित्तल ने कहा, "मुझे क्रिकेट से प्यार है और मेरा परिवार राजस्थान से है, इसलिए RR से बेहतर कोई टीम नहीं हो सकती जिसका मैं हिस्सा बनूं। मैंने पहली बार स्कूल के दिनों में क्रिकेट खेला था और तभी से मैं इसका बड़ा प्रशंसक हूं। कई महान खिलाड़ियों ने RR की जर्सी पहनी है, जिनमें भारतीय क्रिकेट के ऐसे दिग्गज भी शामिल हैं जो युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बने हैं। मैं इसका हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित हूं।"

Advertisement

खुशी

आदित्य मित्तल ने RR को लेकर क्या कहा? 

आदित्य मित्तल ने कहा, "RR प्रतिभाओं को निखारने के लिए जानी जाती है और यह बात मेरे दिल के बेहद करीब है। हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं कि इस विरासत को आगे भी जारी रखा जाए और दुनिया की बेहतरीन प्रतिभाओं को साथ लेकर भविष्य में नई सफलताएं हासिल की जाएं। मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने RR को एक वैश्विक खेल संस्था बनाने में योगदान दिया है।"

Advertisement