MI बनाम KKR: कैमरून ग्रीन ने क्यों नहीं की गेंदबाजी? क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया जवाब
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दूसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन चर्चा में हैं। वानखेड़े में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में KKR 220 रन का बचाव नहीं कर सकी। ग्रीन ने इस मैच में एक भी ओवर नहीं डाला, जिससे सवाल उठने लगे कि टीम ने इतने महंगे ऑलराउंडर को क्यों खरीदा? अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जवाब दिया है।
सवाल
कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कही थी ये बात
मैच खत्म होने के बाद जब KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे से पूछा गया कि मैच में ग्रीन ने गेंदबाजी क्यों नहीं की तो रहाणे ने साफ कहा कि इसका जवाब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछा जाना चाहिए। रहाणे के इस बयान से संकेत मिला कि KKR टीम मैनेजमेंट के बजाय ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड की ओर से ग्रीन को गेंदबाजी से रोका गया है। बता दें, KKR ने ग्रीन को IPL नीलामी में 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।
बयान
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया जवाब
अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा, "कैमरून को लोअर बैक में चोट है, जिसका इलाज चल रहा है। हालांकि, इस वजह से उन्हें लगभग 10-12 दिनों तक गेंदबाजी से दूर रहना होगा। इस बारे में KKR को पहले ही जानकारी दे दी गई है और टीम इस स्थिति से पूरी तरह अवगत है।" बता दें, ग्रीन ने KKR के लिए डेब्यू करते हुए नंबर-3 पर बल्लेबाजी की और 10 गेंदों में 18 रन बनाए।