लिस्ट-A क्रिकेट: इन भारतीय गेंदबाजों ने दिए हैं एक ओवर में 30 से अधिक रन
क्या है खबर?
लिस्ट-A क्रिकेट के अंतर्गत वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच आते हैं। इसके साथ-साथ किसी भी देश में 50 ओवर प्रारूप में खेले जाने वाले घरेलू टूर्नामेंट के मुकाबले भी आते हैं।
भारत में विजय हजारे ट्रॉफी और देवधर ट्रॉफी लिस्ट-A क्रिकेट के अंतर्गत खेले जाने वाले सबसे अहम टूर्नामेंट है।
लिस्ट-A क्रिकेट में कुछ भारतीय गेंदबाजों ने अपने एक ओवर में 30 से अधिक रन लुटाए हैं।
आइए उन गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
शिवा सिंह (43 रन)
विजय हजारे ट्रॉफी 2022 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र के रुतुराज गायकवाड़ ने उत्तर प्रदेश के शिवा सिंह के ओवर में 7 छक्के (एक नो बॉल) लगाने का कारनामा किया था।
बाएं हाथ के स्पिनर शिवा एक ओवर में सर्वाधिक छक्के देने वाले गेंदबाज बन गए थे। वह लिस्ट-A क्रिकेट के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले खिलाड़ी बने थे।
उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाज विलेम लुडिक (नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट बनाम सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट) की बराबरी की थी।
जानकारी
7 छक्के लगाने वाले गायकवाड़ ने मैच में लगाया था दोहरा शतक
गायकवाड़ ने मैच में 159 गेंदों में 10 चौकों और 16 छक्कों की मदद से नाबाद 220 रन बनाए थे। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का पहला दोहरा शतक था। वह लिस्ट-A क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के 11वें बल्लेबाज बन गए थे।
#2
रवि तेजा (35 रन)
विजय हजारे ट्रॉफी 2010 में केरल के कप्तान राईफी गोमेज ने हैदराबाद के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में नाबाद 88 रन बनाए थे।
अपनी इस ताबड़तोड़ पारी के दौरान उन्होंने रवि तेजा के एक ओवर में 5 छक्के और एक चौका लगाया था।
उस ओवर में तेजा ने कुल 35 रन लुटाए थे। तेजा ने उस मैच में अपने 4 ओवर में 58 रन दिए थे और केरल ने मैच 55 रन से जीता था।
#3
सुखविंदर सिंह (34 रन)
चैलेंजर सीरीज 2001 में इंडिया टीम ने इंडिया-B को 30 रन से हराया था।
इंडिया-B के गेंदबाज सुखविंदर सिंह के एक ओवर में सौरव गांगुली ने 4 छक्के और 2 चौके लगाए थे।
इंडिया टीम की कप्तान कर रहे गांगुली ने उस मुकाबले में 106 गेंदों में 142 रन बनाए थे और टीम की जीत में अहम भुमिका निभाई थी।
बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर सुखविंदर ने अपने 6 ओवर में 60 रन खर्च किए थे।
#4
सत्यकुमार वर्मा (32 वर्मा)
विजय हजारे ट्रॉफी 2008 में केरल के पद्मजा मणिकांतन ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 84 रन बनाए थे।
अपनी इस ताबड़तोड़ पारी के दौरान उन्होंने सत्यकुमार वर्मा के एक ओवर में 4 छक्के और 2 चौके लगाए थे।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सत्यकुमार ने उस मैच में अपने 7 ओवर में 56 रन दिए थे। उस मैच को आंध्र प्रदेश ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी।
#5
दिवेश पठानिया (31 रन)
देवधर ट्रॉफी 2019 के फाइनल मुकाबले में इंडिया-B ने इंडिया-C को 51 रन से हराया था। इंडिया-C के तेज गेंदबाज दिवेश पठानिया ने अपने एक ओवर में 31 रन दिए थे।
इंडिया-B की पारी के आखिरी ओवरों के दौरान पठानिया के खिलाफ केदार जाधव और कृष्णप्पा गौतम ने खूब रन बटोरे थे।
जाधव ने 84 रन की पारी खेली जबकि गौतम ने 10 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए थे।
पठानिया ने 10 ओवर में 79 रन दिए थे।
#6
युवराज सिंह (30 रन)
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले युवराज सिंह वनडे क्रिकेट में एक ओवर में 30 रन लुटा भी चुके हैं।
2007 में ओवल में हुए मैच में इंग्लैंड के दिमित्री मस्कारेन्हास ने युवराज के ओवर में लगातार 5 छक्के लगाए थे।
बुरी पिटाई के चलते भारतीय ऑलराउंडर ने अपने 5 ओवर में 59 रन लुटाए थे।
उस मैच में भारतीय टीम ने जीत के लिए मिले 317 रन के लक्ष्य को हासिल किया था।