इंग्लैंड में कैसा रहा है चेतेश्वर पुजारा का प्रदर्शन? आंकड़ों में जानें

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 04 अगस्त से शुरू होनी है, जिसमें अनुभवी चेतेश्वर पुजारा के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें रहने वाली हैं। स्विंग गेंदबाजों के लिए माकूल परिस्थितियों में भरोसेमंद पुजारा से भारतीय खेमा अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा होगा। हालांकि, अब तक उनका इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा है। पुजारा के इंग्लैंड में प्रदर्शन पर आंकड़ों के जरिए एक नजर डालते हैं।
लगभग 10 साल से अधिक अंतरराष्ट्रीय करियर में पुजारा ने अब तक 86 टेस्ट में 46.08 की औसत से 6,267 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 18 शतक और 29 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। उनके नाम पर टेस्ट क्रिकेट में तीन दोहरे शतक भी दर्ज हैं। पुजारा ने घरेलू सरजमीं पर 56.31 के औसत से 3,604 रन बनाए हैं। घर से दूर उन्होंने (विदेशों में) 37.71 की औसत से 2,640 रन बनाए हैं।
पुजारा ने अपने करियर में इंग्लैंड के खिलाफ 22 टेस्ट मैचों में 40.88 की औसत से 1,472 रन बनाए हैं। उन्होंने इंग्लिश टीम के खिलाफ पांच शतक और चार अर्धशतक भी लगाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उनके ज्यादातर रन भारत में आए हैं। घर पर उन्होंने 13 टेस्ट में 51.15 पर 972 रन बनाए हैं। इस बीच पुजारा ने चार शतक और दो अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं।
2014 के इंग्लैंड के टेस्ट दौरे में पुजारा ने पांच टेस्ट में 22.20 की औसत से 222 रन बनाए थे। इस बीच 55 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा था। 2014 के दौरे में पुजारा ने केवल 510 गेंदों का सामना किया था। 2018 में उन्होंने चार टेस्ट मैचों में 39.71 की औसत से 278 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया। पुजारा ने उस बार 726 गेंदों का सामना किया था।
तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल रही इंग्लैंड की परिस्थितियों में पुजारा संघर्ष करते हुए नजर आए हैं। स्विंग और सीम होती गेंदों ने उन्हें परेशान किया है। इंग्लैंड के खिलाफ नौ टेस्ट में पुजारा ने 500 रन बनाए हैं। ये रन उन्होंने 29.41 की औसत से बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 132* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ सिर्फ एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। अगली सीरीज में वह अपने आंकड़ों में सुधार करना चाहेंगे।