IPL: विराट कोहली का प्लेऑफ मैचों में कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के क्वालीफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से 26 मई को होगा। RCB इस अहम मैच को जीतकर लगातार दूसरे साल फाइनल में प्रवेश करने की कोशिश करेगी। धर्मशाला में होने वाले मैच में विराट कोहली से RCB अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। उनके लिए यह सीजन अच्छा बीता है। इस बीच कोहली के प्लेऑफ मैचों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
2026
अब तक 550+ रन बना चुके हैं कोहली
कोहली ने IPL 2026 में 14 पारियों में 50.63 की औसत और 163.82 की स्ट्राइक रेट से 557 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 4 अर्धशतक लगाए। यह कुल 9वां ऐसा सीजन है, जिसमें कोहली ने 500 रन पूरे किए। उनके बाद केएल राहुल ने 8 सीजन में और डेविड वार्नर ने 7 सीजन में 500 रन का आंकड़ा पार किया है। इस सीजन में कोहली 2 पारियों में शून्य पर भी आउट हुए हैं।
प्लेऑफ
कोहली का प्लेऑफ मैचों में प्रदर्शन
क्रिकइंफो के मुताबिक, कोहली ने प्लेऑफ मैचों में 17 पारियों में बल्लेबाजी की है, जिसमें 26.4 की साधारण औसत और 121.1 की स्ट्राइक रेट के साथ 396 रन बनाए। इस बीच वह कोई शतक नहीं लगा सके हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 70 रन रहा। कोहली ने प्लेऑफ मैचों में 2 अर्धशतक लगाए। वह एक पारी में शून्य पर भी आउट हुए हैं। IPL 2025 के फाइनल में कोहली ने 43 रन की पारी खेली थी।
आंकड़े
कोहली का GT के खिलाफ प्रदर्शन
कोहली को GT के खिलाफ बल्लेबाजी करना खास पसंद है। उन्होंने GT के खिलाफ अब तक 8 मैच में 76.66 की औसत और 152.31 की स्ट्राइक रेट से 460 रन अपने नाम किए हैं। इसमें एक शतक के अलावा 4 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* रन रहा है। IPL 2026 में GT के खिलाफ लीग मैचों में कोहली ने 28 और 81 रन के स्कोर किए हैं।
करियर
बेमिसाल है कोहली का IPL करियर
कोहली ने साल 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 281 मैच की 271 पारियों में 40.07 की औसत और 134.39 की स्ट्राइक रेट के साथ 9,218 रन बना चुके हैं। इसमें 9 शतक और 67 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113* रन का रहा है। वह लीग इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके अलावा अन्य बल्लेबाज ने 8,000 रन भी नहीं बनाए हैं।