IPL में RR के खिलाफ इन गेंदबाजों ने एक पारी में लुटाए हैं सबसे ज्यादा रन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के बल्लेबाजों ने कई बार गेंदबाजों की जमकर धुनाई की है। कुछ गेंदबाज ऐसे हैं, जिन्होंने बेहद महंगे स्पेल डाले और खूब रन लुटाए। इन गेंदबाजों पर RR के बल्लेबाज पूरी तरह हावी नजर आए, जिसके चलते उनके नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गए। इस सूची में कई बड़े और अनुभवी गेंदबाज भी शामिल हैं। ऐसे में आइए RR के खिलाफ सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
अर्शदीप सिंह (68 रन)
इस सूची में पहले स्थान पर पंजाब किंग्स (PBKS) के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह हैं। IPL 2026 के 40वें मुकाबले में RR के बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई की थी। उन्होंने 4 ओवर में 17 की इकॉनमी से 68 रन लुटाए थे और इस खिलाड़ी को एक सफलता हासिल हुई थी। PBKS ने 222/4 का स्कोर बनाया था, जवाब में RR की टीम ने 19.2 ओवर में केवल 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
#2
साकिब हुसैन (62 रन)
दूसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन हैं। उन्होंने IPL 2026 के 36वें मुकाबले में RR के खिलाफ 4 ओवर में 62 रन खर्च किए थे। उनकी इकॉनमी रेट 15.50 की रही थी। उन्हें मैच में एक सफलता मिली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए RR ने 228/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में SRH ने 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर ये लक्ष्य हासिल कर लिया था।
#3
पैट कमिंस और अर्शदीप सिंह (60-60 रन)
तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 2 गेंदबाज हैं। SRH के पैट कमिंस और PBKS के अर्शदीप RR के खिलाफ एक पारी में 60-60 रन दे चुके हैं। दोनों ने IPL 2025 में ये रन लुटाए थे। कमिंस ने 15 की इकॉनमी से गेंदबाजी की थी और उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली थी। हालांकि, SRH वो मुकाबला 44 रन से जीत गई थी। अर्शदीप को भी विकेट नहीं मिला और PBKS को 10 रन से जीत मिली थी।
#4
उमेश यादव (59 रन)
तेज गेंदबाज उमेश यादव चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने IPL 2018 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से खेलते हुए RR खिलाफ मैच में 4 ओवरों में 59 रन लुटाए और कोई सफलता भी हासिल नहीं कर पाए थे। उस दौरान उनकी इकॉनमी 14.75 की रही थी। उस मैच में RR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन (92*) की पारी की मदद से 217/4 का स्कोर बनाया था। RCB वो मुकाबला 19 रन से हार गई थी।