IPL 2026: विराट कोहली ने PBKS के खिलाफ लगाया अर्धशतक, सीजन में 500 रन पूरे किए
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 61वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विराट कोहली ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ शानदार पारी खेली। यह उनके IPL करियर का 67वां और PBKS के खिलाफ 7वां अर्धशतक साबित हुआ। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने मौजूदा सीजन में 500 रन भी पूरे किए। IPL 2026 में यह उनके बल्ले से निकलने वाला चौथा अर्धशतक रहा। आइए कोहली की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही कोहली की पारी
पारी की शुरुआत करते हुए कोहली ने अपनी छठी ही गेंद पर छक्का लगाते हुए इरादे जाहिर किए। उन्होंने धर्मशाला में बल्लेबाजी के लिए आसान नजर आ रही पिच पर PBKS के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 37 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी का अंत युजवेंद्र चहल ने किया। इस दौरान उन्होंने देवदत्त पडिक्कल (45) के साथ 76 रन और वेंकटेश अय्यर के साथ 60 रन जोड़े।
आंकड़े
कोहली ने 9वें सीजन में 500 रन पूरे किए
कोहली ने IPL 2026 में अपने 500 रन पूरे किए। उन्होंने इस सीजन में 13 मैचों की 13 पारियों में 54.20 की औसत और 164.74 की स्ट्राइक रेट के साथ 542 रन बनाए। इस बीच उन्होंने एक शतक और 4 अर्धशतक लगाए। यह कुल 9वां ऐसा सीजन है, जिसमें कोहली ने 500 रन पूरे किए। उनके बाद डेविड वार्नर और केएल राहुल ने 7-7 सीजन में 500 रन का आंकड़ा पार किया है।
करियर
बेमिसाल है कोहली का करियर
कोहली ने IPL 2026 के दौरान ही लीग में अपने 9,000 रन पूरे किए थे। उन्होंने अपने बेमिसाल करियर में लगभग 40 की औसत के साथ 9,200 से अधिक रन बनाए हैं। वह लीग में 9 शतक और 67 अर्धशतक भी लगा चुके हैं। IPL में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 113 रन रहा है। IPL के इतिहास में कोहली के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 8,000 रन भी नहीं बना सका है।