IPL 2026: RR बनाम RCB मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी गुवाहाटी की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 16वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। RCB ने इस संस्करण 2 मुकाबले खेले हैं और उसे दोनों मैच में जीत मिली है। वहीं, RR ने रियान पराग की कप्तानी में 3 मुकाबले खेले हैं और उसने भी सभी मैचों में जीत दर्ज की है। ऐसे में एक जोरदार भिड़ंत देखने को मिल सकती है। आइए मुकाबले से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
RR के खिलाफ RCB का पलड़ा रहा है भारी
IPL में दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान RCB ने 17 मैच अपने नाम किए हैं। RR को 14 मुकाबलों में जीत मिली है। 3 मैच में नतीजा नहीं निकल पाया है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच हुए थे। उसे RCB ने जीता था। पहला मैच उसने 9 विकेट और दूसरा मैच 11 रन से जीता था। वहीं, IPL 2024 के दोनों मैच RR ने अपने नाम किया था।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है RCB की प्लेइंग इलेवन
RCB को पहले दोनों मैच में जीत मिली है। ऐसे में वह अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बड़ा बदलाव करने को नहीं देखेंगे। दिग्गज विराट कोहली से एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी। वहीं, टिम डेविड एक बार फिर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना चाहेंगे। तेज गेंदबाजी की कमान भुवनेश्वर कुमार के कंधों पर होगी। संभावित एकादश: फिलिप सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और जैकब डफी।
एकादश
इस संयोजन के साथ उतर सकती है RR
RR को एक बार फिर यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी धमाकेदार शुरुआत दिलाना चाहेंगे। मध्यक्रम में कप्तान रियान पराग और शानदार फॉर्म में चल रहे ध्रुव जुरेल से एक जोरदार पारी की उम्मीद होगी। कप्तान पराग इस संस्करण अभी कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। तेज गेंदबाजी की कमान जोफ्रा आर्चर संभालेंगे। संभावित एकादश: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे और संदीप शर्मा।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
RCB: सुयश शर्मा, जैकब बेथेल, रासिख सलाम डार, कनिष्क चौहान और वेंकटेश अय्यर। RR: रवि बिश्नोई, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, शुभम दुबे, बृजेश शर्मा और रवि सिंह।
पिच
कैसा होगी पिच?
गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है और यह बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है। अमूमन यहां पर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। गेंदबाजों को इस पिच पर ज्यादा मदद नहीं मिलती है। जिसके कारण उन्हें विकेट निकालने के एडी-चोटी का जोर लगाना पड़ता है। हालांकि, स्पिनर्स को थोड़ी मदद मिल सकती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 198 रन का है, जबकि दूसरी पारी 180 रन है।
जानकारी
बारिश की 56 प्रतिशत संभावना
एक्यूवेदर के अनुसार, 10 अप्रैल को गुवाहाटी का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 18 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की 56 प्रतिशत संभावना है। बारिश नहीं हुई तो अच्छा मैच देखने मिल सकता है।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
IPL 2026 में यशस्वी ने 3 पारियों में 170 की स्ट्राइक रेट से 170 रन बनाए हैं। वैभव के बल्ले से 3 पारियों में 248.97 की स्ट्राइक रेट से 122 रन निकले हैं। RCB के लिए पडिक्कल ने 55.50 की औसत से 110 रन बनाए हैं। कोहली के बल्ले से 97 की औसत से 97 रन निकले हैं। गेंदबाजी में बिश्नोई ने 11.71 की औसत से 7 विकेट चटकाए हैं। इस संस्करण डफी के खाते में 5 विकेट आए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
RR और RCB के बीच यह मुकाबला 10 अप्रैल को गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।