IPL 2026, RR बनाम CSK: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिलेगी जोरदार टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला 30 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पिछले सत्र में दोनों टीमों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, ऐसे में इस बार वे जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी। मैच में दोनों टीमों के कुछ खिलाड़ियों के बीच बल्ले और गेंद से जोरदार टक्कर देखने को मिल सकती है। आइए उसपर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
यशस्वी जायसवाल बनाम खलील अहमद
यशस्वी जायसवाल और CSK के तेज गेंदबाज खलील अहमद के बीच मुकाबला काफी दिलचस्प रहने वाला है। शुरुआत में आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले यशस्वी को खलील अपनी स्विंग गेंदबाजी से परेशान कर सकते हैं। दोनों के बीच 5 मुकाबलों में यशस्वी ने 28 गेंदों पर 58 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 207.14 की रही है। खलील ने उन्हें 2 बार आउट किया है। अंदर आती गेंदों से खलील ने अक्सर यशस्वी को मुश्किल में डाला है।
#2
संजू सैमसन बनाम जोफ्रा आर्चर
RR के लिए एक दशक से ज्यादा समय तक खेलने वाले संजू सैमसन अब चेन्नई की जर्सी में नजर आएंगे। हाल के समय में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, लेकिन अपने पूर्व साथी और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने उन्हें पहले परेशान किया है। दोनों के बीच 6 मुकाबले हुए हैं, जिसमें आर्चर ने सैमसन को 3 बार आउट किया है। हालांकि, सैमसन ने भी आर्चर के खिलाफ 37 गेंदों पर 63 रन बनाकर जोरदार जवाब दिया है।
#3
रियान पराग बनाम नूर अहमद
RR के नए कप्तान रियान पराग भी CSK के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने वाले पराग ने पिछले 2 सत्रों में स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में उनका मुकाबला बाएं हाथ के कलाई स्पिनर नूर अहमद से दिलचस्प रहने वाला है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पराग ने नूर के खिलाफ 29 गेंदों में 48 रन बनाए हैं, हालांकि इस दौरान वह एक बार आउट भी हुए हैं।